धार्मिक नगरी अयोध्या में सीएम योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी विवाद को लेकर विरोधी दलों को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि आज जो ये लोग आस्था की बात करते हैं. याद करिए, इन लोगों ने हमारी पवित्र हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का काम किया था. सोचिए, क्या कोई जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा पढ़वा पाएगा, क्या कोई सरकार करवा पाएगी? सीएम ने कहा कि क्या समाजवादी पार्टी और कांग्रेस करवा पाएगी? अगर नहीं करा पाएगी तो ये पाप क्यों करवाया गया था? अयोध्या में हनुमान गढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप क्यों करवाया गया था?
सपा-कांग्रेस कुछ नहीं कर पाई, इसलिए विरोध करती हैं- सीएम योगी
मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या का विरोध सपा और कांग्रेस इसलिए कर रही है, क्योंकि वे अपने वक्त में अयोध्या का कुछ नहीं कर पाए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा को ये बुरा लग रहा है कि क्यों निषादराज के नाम पर रैन बसेरा और क्यों महर्षि बाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट रखा गया. सीएम ने कहा कि श्रृंगवेरपुर में मैंने निषाद राज और भगवान राम की बड़ी प्रतिमा लगवाई है. इसे तो वक्फ के नाम पर सपा वाले कब्जा करवा रहे थे.
किसी ने सोचा था कि अयोध्या में एयरपोर्ट बनेगा- सीएम
सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अयोध्या में पहचान का संकट खड़ा किया और इन्होंने लाठियां और गोलिया चलाईं. इन लोगों ने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज़ पढ़ाने का पाप किया था.
सीएम ने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा और पवनसुत हनुमान जी का असीम आशीर्वाद जब प्राप्त होता है तो अयोध्या के सारे काम अपने आप बढ़ते दिखाई देता है. सीएम ने कहा कि कोई सोचता था कि अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन पाएगा? ये समाजवादी पार्टी के लोग विरोध करते थे, एयरपोर्ट के नाम पर गुमराह करते थे, आज महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सभी प्रमुख शहरों के साथ जुड़ चुका है.
डबल इंजन की सरकार में राम मंदिर बना- सीएम
सीएम ने कहा कि डबल इंजन सरकार आई तो भगवान राम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ. इसे कोई रोक नहीं पाया. आज लाखों श्रद्धालु अयोध्या आते हैं और भावविभोर होकर लौटते हैं. उन्होंने कहा कि हमने अयोध्या को स्वच्छ और सुंदर बनाकर सनातन धर्म की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में फिर से स्थापित किया है. सरयू आरती, राम की पैड़ी और नए घाट से लेकर गुप्तार घाट तक घाटों की लंबी श्रृंखला ने अयोध्या धाम को नई पहचान दी है.
ये भी पढ़ें: