Ayodhya Ram Mandir Big Update: रामभक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब बिना VIP पास के भी कर सकेंगे पूरे राम मंदिर परिसर के दर्शन

रामनगरी अयोध्या पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. अब श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन के साथ-साथ आम श्रद्धालु भी मंदिर परिसर में स्थित सभी प्रमुख मंदिरों के दर्शन आसानी से कर सकेंगे. लंबे समय से भक्तों की यह इच्छा थी कि उन्हें पूरे मंदिर परिसर में दर्शन का अवसर मिले और अब यह सपना साकार होता नजर आ रहा है.

Ram Mandir Ayodhya
gnttv.com
  • अयोध्या ,
  • 25 मई 2026,
  • अपडेटेड 3:27 PM IST

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बड़ा निर्णय लेते हुए मंदिर परिसर के सभी प्रमुख मंदिरों तक जाने वाले रास्तों को आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया है. अब यहां दर्शन करने के लिए किसी वीआईपी पास की जरूरत नहीं होगी. पहले यह सुविधा सीमित लोगों तक ही थी, लेकिन अब हर श्रद्धालु पूरे परिसर में श्रद्धा और सहजता के साथ दर्शन कर सकता है.

गर्भगृह से लेकर सप्त मंदिर तक कर सकेंगे दर्शन
अब रामभक्त गर्भगृह में विराजमान रामलला, भव्य राम दरबार, सप्त मंदिर और परकोटे में स्थित सभी मंदिरों के दर्शन कर पा रहे हैं. श्रद्धालुओं के चेहरों पर अलग ही खुशी और उत्साह देखने को मिल रहा है. जो सुविधा पहले सिर्फ वीआईपी पास धारकों तक सीमित थी, वह अब आम भक्तों के लिए भी उपलब्ध हो चुकी है.

रोज उमड़ रही भारी भीड़
अयोध्या में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. अनुमान के मुताबिक, हर दिन करीब 50 से 60 हजार श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. अब मंदिर परिसर के अन्य मंदिरों में भी भक्त बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है.

भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम
नौतपा और तेज गर्मी को देखते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं. परिसर में जगह-जगह शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है, ताकि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो. इसके अलावा, गर्म हवाओं और तेज धूप से राहत देने के लिए परिसर में कूलर लगाए गए हैं. वहीं, गर्म फर्श से श्रद्धालुओं के पैरों को बचाने के लिए रेड कारपेट भी बिछाया गया है, जिससे दर्शन के दौरान लोगों को आराम मिल सके.

श्रद्धालुओं को सहज और दिव्य अनुभव देने पर जोर
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के आमंत्रित सदस्य गोपाल जी ने बताया कि अब सभी श्रद्धालु पूरे मंदिर परिसर के दर्शन बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ कर रहे हैं. ट्रस्ट की कोशिश है कि भीषण गर्मी के बावजूद किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो और सभी को सहज, सुरक्षित और दिव्य दर्शन का अनुभव मिल सके.
(रिपोर्ट- मयंक शुक्ला)
 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED