सोशल मीडिया पर लेखपाल परीक्षा लीक को लेकर बवाल, जानें क्या है वायरल वीडियो के पीछे की ग्राउंड रियलिटी

आजमगढ़ के रौनापार थाना क्षेत्र के भिंभ बाजार में स्थित एक परीक्षा केंद्र का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद परीक्षा में गड़बड़ी और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

लेखपाल परीक्षा लीक
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 25 मई 2026,
  • अपडेटेड 1:07 PM IST

आजमगढ़ में लेखपाल परीक्षा को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में परीक्षा केंद्र पर कथित अनियमितताओं, बायोमेट्रिक हाजिरी को लेकर विवाद और छात्रों के बीच हंगामे की बात सामने आ रही है. मामला जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के भिंभ बाजार से जुड़ा बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि भिंभ बाजार निवासी विनय मौर्य ने अपने मोबाइल से एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया. वीडियो में परीक्षा केंद्र के भीतर हुए विवाद और छात्रों के बीच पैदा हुए संशय को लेकर कई बातें सामने आईं. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया.

परीक्षा केंद्र पर गड़बड़ी के आरोप
वायरल वीडियो के सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चाओं में आ गया. सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें कही जाने लगीं. कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि परीक्षा के दौरान कुछ छात्रों को नकल कराए जाने की आशंका थी, जबकि बायोमेट्रिक हाजिरी देने के बावजूद कुछ छात्र-छात्राओं की उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही थी. इससे छात्रों में नाराजगी और भ्रम की स्थिति बन गई. इन दावों के बाद स्थानीय प्रशासन और परीक्षा संचालन से जुड़े संस्थानों में भी हलचल बढ़ गई. सोशल मीडिया पर लोग परीक्षा की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाने लगे.

लेकिन क्या है सच्चाई
पूरे मामले की सच्चाई जानने के लिए यूपी तक की टीम उस परीक्षार्थी और वीडियो वायरल करने वाले शख्स के घर पहुंची, जिसने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया था. बातचीत के दौरान विनय मौर्य और उनके भाई ने परीक्षा केंद्र के भीतर हुई स्थिति के बारे में जानकारी दी.

परीक्षार्थी के मुताबिक, परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई, लेकिन करीब आधे घंटे बाद अचानक परीक्षा केंद्र में शोर-शराबा शुरू हो गया. बताया गया कि कुछ छात्राएं इस बात को लेकर विरोध कर रही थीं कि उनके प्रश्नपत्र की सील पहले से खुली हुई थी.

इसके अलावा, बायोमेट्रिक हाजिरी को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी रही. छात्रों का कहना था कि हाजिरी देने के बावजूद सर्वर संबंधी समस्या के कारण उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही थी. इसी वजह से परीक्षा केंद्र पर काफी देर तक बहस और असमंजस की स्थिति बनी रही.

तय समय से देर तक केंद्र में रहे छात्र
छात्रों के मुताबिक, परीक्षा दोपहर 12 बजे समाप्त होनी थी, लेकिन विवाद और तकनीकी समस्याओं के चलते परीक्षार्थियों को करीब 1 बजे तक परीक्षा केंद्र में ही रुकना पड़ा. वायरल वीडियो में भी उस समय की स्थिति को रिकॉर्ड किया गया है.

जांच जारी, चर्चाओं में बना मामला
विनय मौर्य का कहना है कि उन्होंने उसी समय की वास्तविक स्थिति को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर वायरल किया था. वहीं, उनके भाई का दावा है कि परीक्षा केंद्र के अंदर शोर-शराबे और बायोमेट्रिक को लेकर विवाद के कारण छात्रों के बीच यह संशय पैदा हुआ कि कुछ कमरों में गड़बड़ी हो रही है. हालांकि, पूरे मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल यह प्रकरण सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED