65वीं वाहिनी SSB, बगहा में बुधवार को ऐसा नजारा दिखा, जिसने हर किसी के चेहरे पर गर्व ला दिया. महीनों की कठिन ट्रेनिंग के बाद बिहार पुलिस के 227 नवआरक्षकों ने पास आउट परेड में हिस्सा लिया. SSB के प्रशिक्षकों द्वारा तैयार किए गए इन जवानों ने परेड ग्राउंड में दमदार मार्च पास्ट, सटीक ड्रिल और हथियार संचालन का शानदार प्रदर्शन किया.
जुलाई 2025 से शुरू हुई ट्रेनिंग के दौरान जवानों को सिर्फ शारीरिक रूप से मजबूत नहीं बनाया गया, बल्कि उन्हें हर परिस्थिति में काम करने के लिए तैयार किया गया. SSB की ओर से अनुशासन, आपदा प्रबंधन, हथियार संचालन, पब्लिक डीलिंग और फिटनेस की ट्रेनिंग दी गई, जबकि बिहार पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की बारीकियां सिखाई.
पास आउट परेड में जवानों का जोश और तालमेल देखते ही बन रहा था. एक साथ उठते कदम और मैदान में गूंजती कमांड यह बता रही थी कि बिहार पुलिस को अब नई ऊर्जा मिल चुकी है. मुख्य अतिथि बिहार पुलिस की महानिरीक्षक अनुसूया रणसिंह साहू ने कहा कि वर्दी सिर्फ पहचान नहीं, बल्कि जनता के भरोसे की जिम्मेदारी है. उन्होंने जवानों को ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवा करने की प्रेरणा दी.
SSB की ट्रेनिंग से तैयार हुए ये 227 नए जवान
समारोह का सबसे खास पल तब आया, जब परेड ग्राउंड में बैठे माता-पिता ने अपने बेटों को जवान बनते देखा. किसी ने मोबाइल में वह पल कैद किया, तो किसी की आंखें गर्व से भर आईं. कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित किया गया. SSB की ट्रेनिंग से तैयार हुए ये 227 नए जवान अब बिहार पुलिस की ताकत बनकर राज्य की सुरक्षा संभालेंगे.
रिपोर्टर: अभिषेक पांडेय
ये भी पढ़ें: