IPS अफसर की अपील, कहा- बोर्ड परीक्षा तक बच्चों के 'वाहन बैन' करें अभिवावक, लाउड DJ पर भी सख्त मनाही

एसपी ने कहा कि परीक्षा देने जा रहे बच्चों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि देखने में आ रहा है कि कई छात्र-छात्राएं खुद ही दो पहिया या चार पहिया वाहन चलाकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंच रहे हैं. जबकि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे ड्राइविंग लाइसेंस के लिए पात्र नहीं होते.

Baghpat SP's appeal
gnttv.com
  • बागपत,
  • 17 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:04 PM IST

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की शुरुआत के साथ ही बागपत पुलिस भी पूरी तरह सतर्क हो गई है. परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ पुलिस प्रशासन ने इस बार एक खास अपील भी जारी की है. बागपत के एसपी सूरज राय ने सोशल मीडिया के जरिए अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील संदेश दिया है.

एसपी ने कहा कि परीक्षा देने जा रहे बच्चों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि देखने में आ रहा है कि कई छात्र-छात्राएं खुद ही दो पहिया या चार पहिया वाहन चलाकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंच रहे हैं. जबकि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे ड्राइविंग लाइसेंस के लिए पात्र नहीं होते. इसके अलावा कई विद्यार्थी बिना हेलमेट के वाहन चलाते नजर आ रहे हैं, जिससे सड़क दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है.

वाहन पर लगा बैन
सूरज राय ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान बच्चों को सार्वजनिक परिवहन या किसी अधिकृत व्यवस्था के जरिए ही परीक्षा केंद्र भेजें. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, 'एक छोटी सी लापरवाही पूरे भविष्य पर भारी पड़ सकती है.' उनका कहना है कि परीक्षा के इस महत्वपूर्ण समय में किसी भी तरह का जोखिम बच्चों के भविष्य को प्रभावित कर सकता है.

डीजे संचालकों को भी सख्त चेतावनी
इसी के साथ एसपी ने शादी समारोहों और डीजे संचालकों को भी सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायत पुलिस को मिल रही हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है. इसको देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि रात 10 बजे के बाद किसी भी स्थिति में डीजे न बजे. ध्वनि प्रदूषण नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. एसपी ने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए समाज के सभी लोगों को सहयोग करना चाहिए, ताकि बच्चे सुरक्षित माहौल में अपनी परीक्षाएं दे सकें.

रिपोर्टर: मानूदेव

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED