देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर के आखिरी दिनों में परेशानी बढ़ सकती है. दरअसल, बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर जाने का फैसला किया है. डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज (DFS), इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और बैंक मैनेजमेंट की अपील के बावजूद यूनियनें अपने फैसले पर कायम हैं. यूनियनों का कहना है कि बैंक कर्मचारियों के लिए हफ्ते में पांच दिन काम यानी 5-Day Banking की मांग पर सरकार और बैंक मैनेजमेंट की तरफ से कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है.
28 से 30 सितंबर तक रहेगी हड़ताल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने मंगलवार को जारी बयान में अपनी सभी यूनियनों और सदस्यों से 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने की अपील की है. यानी सोमवार से बुधवार तक बैंक कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल रहेगी.
लगातार 5 दिन बंद रह सकती हैं बैंक ब्रांच
इस हड़ताल का असर इसलिए ज्यादा हो सकता है क्योंकि इसके ठीक पहले शनिवार और रविवार की छुट्टी है. 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे, जबकि 27 सितंबर को रविवार की छुट्टी रहेगी. इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल होगी. इस तरह कई बैंक ब्रांच लगातार पांच दिनों तक बंद रह सकती हैं.
ATM से निकाल सकेंगे कैश
बैंक हड़ताल का मतलब यह नहीं है कि ग्राहकों को कैश के लिए पूरी तरह परेशान होना पड़ेगा. भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने ग्राहकों को हड़ताल के दौरान ATM और ADWM का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. केनरा बैंक ने भी ATM और BNA जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल करने की जानकारी दी है. हालांकि, ATM में कैश उपलब्धता जगह और समय के हिसाब से अलग हो सकती है.
UPI और ऑनलाइन बैंकिंग चलती रहेगी
डिजिटल बैंकिंग सेवाओं पर हड़ताल का सीधा असर नहीं पड़ने की उम्मीद है. SBI ने ग्राहकों को इंटरनेट बैंकिंग, YONO, मोबाइल बैंकिंग और UPI का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. केनरा बैंक ने भी मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग के साथ UPI ऐप के जरिए लेनदेन करने को कहा है. यानी ग्राहक ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने, UPI पेमेंट और कई डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे.
ब्रांच जाकर होने वाले काम प्रभावित
हड़ताल के दौरान बैंक ब्रांच में होने वाले कई जरूरी काम प्रभावित हो सकते हैं. इनमें कैश जमा या निकासी, चेक से जुड़े काम, दस्तावेज जमा करना और KYC जैसे काम शामिल हैं. इसलिए जिन ग्राहकों को इन कामों के लिए ब्रांच जाना जरूरी है, वे हड़ताल से पहले अपना काम निपटा सकते हैं.
ये भी पढ़ें: