जंग का मैदान बना शादी का मंडप...लड़के को नहीं मिली बुलेट तो शुरू की मारपीट, एक-दूसरे पर फेंका खाना, चलाए लात-घूसे

शादी के दौरान खाना खाते समय ही दूल्हा पक्ष ने बुलेट और 2 लाख रुपये मांगना शुरू कर दिया. लड़की पक्ष ने इसका विरोध किया. देखते ही देखते कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया.

Clash between both sides over dowry
gnttv.com
  • बरेली,
  • 10 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:42 PM IST
  • दहेज की मांग पर बरेली में शादी बनी अखाड़ा
  • खाने की मेज पर भिड़े बाराती और घराती

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के आंवला थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय मारपीट में बदल गया जब दूल्हा पक्ष की तरफ से 2 लाख नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग अचानक कर दी गई. बताया जा रहा है कि जब यह मांग पूरी नहीं हो सकी, तो दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया.

खाने की टेबल पर भिड़े दोनों पक्ष
शादी के दौरान खाना खाते समय ही दूल्हा पक्ष ने बुलेट और 2 लाख रुपये मांगना शुरू कर दिया. लड़की पक्ष ने इसका विरोध किया. देखते ही देखते कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया. दूल्हा और दुल्हन पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई. लोगों ने प्लेट, कुर्सी और जो भी हाथ में आया, उसी से हमला करना शुरू कर दिया.

बारातघर में मची अफरा-तफरी
झगड़े के दौरान पूरे बारातघर में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने खाना तक उठाकर इधर-उधर फेंक दिया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें मारपीट और तोड़फोड़ साफ देखी जा सकती है.

पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

पीड़ित पक्ष ने दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. इस मामले पर आईपीएस अंशिका वर्मा ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

-कृष्ण गोपाल राज की रिपोर्ट
 

ये भी पढ़ें

 

    Read more!

    RECOMMENDED