Advertisement

Bihar: बिहार के युवाओं के लिए नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान, इन लोगों को मिलेंगे हर महीने एक हजार रुपए

बिहार सरकार बेरोजगार स्नातकों को एक हजार रुपए प्रति महीने की वित्तीय मदद देगी. सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसका ऐलान किया. इस योजना के तहत अब 20-25 आयु वर्ग के स्नातक बेरोजगारों को अधिकतम 2 साल एक हजार रुपए दिए जाएंगे.

Nitish Kumar
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 18 सितंबर 2025,
  • अपडेटेड 11:49 AM IST

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. सीएम नीतीश ने मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का विस्तार किया है. इसके तहत स्नातक डिग्री प्राप्त बेरोजगार युवाओं को 2 साल की अवधि के लिए एक हजार रुपए प्रति महीने की वित्तीय सहायता प्रदान किया जाएगा.

अब किसको मिलेगा इस योजना का फायदा-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके इस योजना के विस्तार का ऐलान किया. सीएम ने कहा कि मुझे बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि राज्य सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम अन्तर्गत पूर्व से संचालित मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का विस्तार किया गया है. इसके अन्तर्गत इंटर उत्तीर्ण युवक/युवतियों को पहले से दी जा रही स्वयं सहायता भत्ता योजना का लाभ अब कला, विज्ञान एवं वाणिज्य उत्तीर्ण स्नातक बेरोजगार युवक/युवतियों को भी दिए जाने का निर्णय लिया गया है.

इसका मतलब है कि इस योजना का लाभ अब कला, विज्ञान और वाणिज्य में उत्तीर्ण बेरोजगार स्नातक युवाओं को भी प्रदान किया जाएगा. मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का लाभ पहले सिरअफ इंटर पास युवाओं को मिलता था. लेकिन अब इस योजना का लाभ बेरोजगार स्नातक युवाओं को भी मिलेगा. 

हर महीने एक हजार रुपए की मिलेगी मदद-
इसके तहत 20-25 आयु वर्ग के वैसे स्नातक उत्तीर्ण युवक/युवतियां, जो कहीं अध्ययनरत नहीं हैं और नौकरी/रोजगार हेतु प्रयास कर रहे हैं, उनका कोई स्वरोजगार नहीं है अथवा सरकारी, निजी, गैर सरकारी नियोजन प्राप्त नहीं है, को भी 1000 रूपए प्रतिमाह की दर से अधिकतम दो वर्षों तक मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता का भुगतान किया जाएगा. मुझे उम्मीद है कि इस सहायता भत्ता का उपयोग युवक/युवतियां आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारियों में करेंगे, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके.

5 साल में एक करोड़ युवाओं को नौकरी का लक्ष्य-
सीएम नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि नवम्बर 2005 में नई सरकार बनने के बाद से ही अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देना तथा उन्हें सशक्त और सक्षम बनाना हमलोगों की प्राथमिकता रही है. आप अवगत हैं कि अगले पांच साल में एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. आने वाले समय में सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में नौकरी एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. इस निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे नौकरी/रोजगार प्राप्त कर सकें.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement