Advertisement

भाजपा ने अखिलेश की श्रद्धा पर उठाए सवाल! दिनेश शर्मा बोले- पहले ब्राह्मणों को सम्मेलनों से भगाते थे, अब दिखा रहे आस्था, अभी मंदिर भी बनेगा, अयोध्या भी जाएंगे

भाजपा के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला है. उन्होंने अखिलेश यादव की श्रद्धा, सपा के ब्राह्मणों के प्रति पुराने रवैये और अयोध्या-राम मंदिर के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी को घेरने की कोशिश की. 

भाजपा के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला.
सिमर चावला
  • कानपुर,
  • 20 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 10:29 AM IST

भारतीय जनता पार्टी (BJP) का समाजवादी पार्टी (SP) पर लगातार हमला जारी है. अब  भाजपा के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला है. पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने अखिलेश यादव की धार्मिक श्रद्धा पर सवाल खड़े किए हैं. कानपुर के तुलसी उपवन में आयोजित मानस संगम कार्यक्रम में उन्होंने सपा के पुराने राजनीतिक रवैये का जिक्र करते हुए कहा कि जिस पार्टी का इतिहास पंडितों और ब्राह्मणों को अपने मंचों से अपमानित कर भगाने का रहा है, वही आज श्रद्धा और धर्म की बातें कर रही है. दिनेश शर्मा ने कहा कि श्रद्धा केवल बयानों से नहीं, बल्कि क्रिया और कर्म से साबित होती है. उन्होंने अखिलेश यादव की धार्मिक गतिविधियों को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार आस्था का प्रदर्शन करने से श्रद्धा प्रमाणित नहीं होती.

पहले ब्राह्मणों को मंचों से भगाते थे, अब श्रद्धा की बातें
भाजपा नेता ने सपा पर ब्राह्मण समाज के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले पंडितों को सम्मेलनों और प्रेस कॉन्फ्रेंस से भगाया जाता था, लेकिन अब वही पार्टी धार्मिक आयोजनों और श्रद्धा की बातें कर रही है. उन्होंने कहा कि आस्था का वास्तविक प्रमाण व्यक्ति के कर्म और व्यवहार से मिलता है.

अखिलेश की श्रद्धा पर सवाल, बोले- अभी मंदिर भी बनेगा
दिनेश शर्मा ने अखिलेश यादव की अयोध्या और राम मंदिर से जुड़ी आस्था पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि अभी इटावा में मंदिर भी बनेगा और वह समय भी आएगा, जब पूरा परिवार रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाएगा. भाजपा नेता ने कहा कि जो लोग पहले अयोध्या जाने से दूरी बनाते थे, वे अब धार्मिक गतिविधियों के जरिए अपनी छवि बदलने की कोशिश कर रहे हैं.

राष्ट्रवाद के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा
डॉ. दिनेश शर्मा ने राष्ट्रवाद के मुद्दे पर भी विपक्ष पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रवादी वर्ग एकजुट है और राष्ट्रवाद के विरोध में खड़े दलों को जनता के आक्रोश और चुनावी पराजय का सामना करना पड़ेगा. कानपुर में दिए गए इस बयान के जरिए भाजपा ने अखिलेश यादव की श्रद्धा, सपा के ब्राह्मणों के प्रति पुराने रवैये और अयोध्या-राम मंदिर के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी को घेरने की कोशिश की है.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement