Advertisement

Women's Reservation Bill: 'नारी शक्ति वंदन सम्मेलन' करेगी बीजेपी, पीएम मोदी को धन्यवाद देने के लिए विधानसभा और बूथ स्तर पर होंगे आयोजन

Women's Reservation Bill: महिला आरक्षण बिल पास होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद देने के लिए अब भारतीय जनता पार्टी महिलाओं का ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ करेगी. इसके लिए विधानसभा और बूथ स्तर पर महिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन होगा. यह अभियान 30 अक्टूबर तक चलाने की योजना बनाई गई है.

'नारी शक्ति वंदन सम्मेलन' का आयोजन करेगी बीजेपी
शिल्पी सेन
  • लखनऊ,
  • 30 सितंबर 2023,
  • अपडेटेड 11:16 PM IST

महिला आरक्षण बिल पर प्रधानमंत्री को धन्यवाद देने के लिए अब बीजेपी महिलाओं का ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ करेगी. इसके साथ ही पार्टी धन्यवाद यात्रा भी निकालेगी. सम्मेलन का आयोजन विधानसभा स्तर पर होगा जबकि महिला कार्यकर्ताओं द्वारा बूथ स्तर पर यात्रा निकाली जाएगी. महिला आरक्षण बिल संसद में पास होने के बाद अब बीजेपी ने इसको लेकर महिलाओं के बीच जाने की रणनीति बनाई है.

हर विधानसभा में होगा नारी शक्ति वंदन सम्मेलन

संसद के 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' पास होने के बाद अब बीजेपी इसको लेकर आधी आबादी के बीच जाने की तैयारी में है. यूपी में इसके लिए पूरी योजना तैयार कर ली गयी है. पार्टी हर विधानसभा में महिलाओं का विशेष सम्मेलन करेगी. इसको 'नारी शक्ति वंदन सम्मेलन' नाम दिया जाएगा. इस सम्मेलन में प्रबुद्ध महिलाओं और कामकाजी महिलाओं के साथ उन महिलाओं को भी आमंत्रित किया जाएगा, जिन्होंने अलग अलग क्षेत्रों में काम किया है. इस सम्मेलन में पार्टी के विधायक सांसद भी शामिल होंगे.

पीएम मोदी का धन्यवाद करेंगी महिलाएं

शनिवार को यूपी बीजेपी मुख्यालय पर हुई महिला मोर्चा की बैठक में ये तय किया गया कि पार्टी महिला आरक्षण बिल संसद में पारित होने की उपलब्धि को जनता के बीच लेकर जाएगी. खास तौर पर आधी आबादी को ये बताया जाएगा कि प्रधानमंत्री मोदी की कोशिश से तीन दशक से लटका बिल पास हुआ है जिससे महिलाओं को चुनाव में 33 प्रतिशत का आरक्षण मिलेगा. इसके साथ ही दूसरे दलों द्वारा जिस तरह से जनगणना और परिसीमन की बात कहकर ये प्रचारित किया जा रहा है कि इसे इतनी जल्दी लागू नहीं किया जा सकेगा उसके बारे में भी महिलाओं को जागरूक किया जाएगा.

बूथ स्तर पर होगी यात्रा

विधानसभा स्तर पर 'नारी शक्ति वंदन सम्मेलन' से पहले बूथ स्तर पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ता धन्यवाद यात्रा भी निकालेंगी. धन्यवाद यात्रा का मकसद हर दरवाजे तक पहुंचना है. इसमें महिलाओं के बीच जा कर उनको नारी शक्ति वंदन अधिनियम के बारे में जानकारी दी जाएगी. यात्रा के दौरान महिला कार्यकर्ता अपने हाथों में प्लेकार्ड और बैनर लिए रहेंगे, जिसमें 'धन्यवाद मोदी जी' लिखा होगा. साथ ही इस इस उपलब्धि का जिक्र होगा. बूथ और विधानसभा स्तर पर ये अभियान अक्टूबर महीने में चलेगा. 1 अक्टूबर को स्वच्छता का विशेष अभियान होने की वजह से इसे 2-3 अक्टूबर से चलाने की योजना है. यात्राओं के लिए टोली का गठन विधानसभा स्तर पर होगा. ये अभियान 30 अक्टूबर तक चलेगा.

यूपी बीजेपी में इसकी तैयारी बैठक में सम्मेलन और यात्राओं की रूपरेखा तैयार की. महिला सम्मेलन की तैयारी बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, महिला मोर्चा प्रभारी विजय बहादुर पाठक मौजूद रहे, तो वहीं सांसद और यूपी बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष गीता शाक्य, सांसद रीता बहुगुणा जोशी, कांता कर्दम, संगीता यादव भी बैठक में शामिल हुईं. प्रदेश सरकार में महिला मंत्री और कई विधायक, महिला मेयर, पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष और पदाधिकारी भी तैयारी बैठक में मौजूद रहे. बीजेपी ने इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए महिलाओं से पोस्ट कार्ड लिखवाने का अभियान भी शुरू किया था. सम्मेलन और यात्राओं में इस बात की भी जानकारी दी जाएगी कि बीजेपी के संगठन में भी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उनको 33 फीसदी पदों पर मौका दिया जाता है. ये तय किया गया कि महिलाओं के बीच इस बात को बताया जाए, कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी तो महिला सशक्तिकरण भी होगा.

विपक्षी दलों के प्रचार का जवाब देने की तैयारी 

दरअसल लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण बिल पास होने को बीजेपी जहां बड़ी उपलब्धि के तौर पर देख रही है, वहीं इस बहाने महिला मतदाताओं तक भी पहुंचना चाहती है. हाल ही में कांग्रेस ने महिला नेताओं और प्रवक्ताओं को अलग अलग शहरों में प्रेस कॉन्फ़्रेन्स कर जनगणना और परिसीमन की वजह से महिला आरक्षण बिल के जल्दी न लागू होने पर महिला विरोधी बता कर मोदी सरकार और बीजेपी को घेरा था. अब बीजेपी सीधे महिला वोटरों तक पहुंच कर इस बारे में भ्रम दूर करना चाहती है.

(गुड न्यूज टुडे चैनल को WhatsApp पर फॉलो करें )

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement