राजस्थान के कोटा के बोरखेड़ा इलाके में एक शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन और उसका परिवार अचानक समारोह से गायब हो गया. दूल्हा पक्ष ने शादी के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस की शुरुआती जांच में मामला जेवर और दहेज विवाद से जुड़ा सामने आ रहा है. फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायत पर बोरखेड़ा थाना पुलिस जांच में जुटी हुई है.
बिना दहेज के तय हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार साकेत आवास थेकड़ा निवासी स्वरूप सिंह के पुत्र देवेंद्र सिंह की शादी आदर्श नगर निवासी मुस्कान कंवर से तय हुई थी. दूल्हा पक्ष का कहना है कि वधू पक्ष की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण शादी बिना दहेज के तय की गई थी. इतना ही नहीं, हल्दी, मेहंदी, निकासी और बिंदौरी सहित अन्य रस्मों के लिए करीब 4 लाख रुपए भी दुल्हन पक्ष को दिए गए थे. शादी समारोह का पूरा खर्च भी लड़के वालों ने ही उठाया था.
फेरों से पहले मंडप से भागे लड़की वाले
मंगलवार रात बोरखेड़ा स्थित एक मैरिज गार्डन में शादी समारोह धूमधाम से चल रहा था. जयमाला की रस्म भी संपन्न हो गई, लेकिन फेरों से पहले अचानक दुल्हन मुस्कान कंवर और उसके परिजन वहां से चले गए. काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब दूल्हा पक्ष दुल्हन के घर पहुंचा तो वहां ताला लगा मिला और किसी ने दरवाजा नहीं खोला. इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई.
शादी केनाम पर लिए लाखों रुपये
दूल्हे के पिता स्वरूप सिंह ने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया और शादी के नाम पर उनसे लाखों रुपए लिए गए. उनका कहना है कि परिवार ने भरोसा जताकर शादी तय की थी, लेकिन अंतिम समय पर इस तरह गायब होना सीधे तौर पर ठगी का मामला है.
जेवर को लेकर दोनों पक्षों में हुई थी कहासुनी
वहीं पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला सिर्फ फरार होने का नहीं बल्कि दोनों पक्षों के बीच विवाद का लग रहा है. बोरखेड़ा थाने के हेड कांस्टेबल हनुमान के अनुसार, दुल्हन जब फेरों के लिए तैयार होने गई थी, उसी दौरान जेवर को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी. मौके पर समझाइश भी की गई थी.
थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर ने बताया कि दूल्हा पक्ष के साथ-साथ दुल्हन पक्ष ने भी शिकायत दी है. वधू पक्ष का आरोप है कि फेरों से ठीक पहले दूल्हा पक्ष की ओर से दहेज की मांग की गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान लेकर पूरे मामले की जांच कर रही है.
-चेतन गुर्जर की रिपोर्ट