महाराष्ट्र के बुलढाणा में एक बैंक मैनेजर को थप्पड़ मारने का मामले सामने आया है. आरोपी शख्स ने उसके कैबिन में घुसकर थप्पड़ मारा. इसका वीडियो सामने आया है. थप्पड़ मारने वाला शख्स जिले के स्वाभिमानी किसान संगठन का अध्यक्ष है. इस मामले में बैंक मैनेजर ने शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.
बैंक मैनेजर को थप्पड़ मारने का वीडियो-
दरअसल खामगाव शहर के सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर शिवाजी कड अपने कॅबिन मे बैठे थे, वहाँ स्वाभिमानी किसान संगठन के बुलढाणा जिला अध्यक्ष अमोल पाटिल पहुंचे और मैनेजर को ज़ोरदार थप्पड़ मारी, वहाँ उपस्थित अन्य बैंक कर्मचारी ने बीच बचाव करने की कोशिश की तो स्वाभिमानी किसान संगठन के अध्यक्ष ने उस पर भी हाथ उठाया.
बैंक मैनेजर किसानों से करते हैं बदसलूकी- किसान
अध्यक्ष अमोल पाटिल ने कहा कि बैंक मैनेजर किसानों के साथ बदसलूकी से पेश आते हैं, कर्ज माफी के बारे में जानकारी हासिल करने गए किसान को मैनेजर कहते है कि तुम्हारे बाप का बैंक है क्या? कितनी बार कर्ज लोगे? ऐसा बोलने की वजह से उनकी पिटाई की है. स्वाभिमानी के अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मैनेजर की जबान नहीं सुधरी तो और सबक सिखायेंगे.
बैंक मैनेजर ने आरोपों को बताया गलत-
बैंक मैनेजर ने स्वाभिमानी किसान संगठन के अध्यक्ष द्वारा लगाए आरोप को बेबुनियाद बताया. देर रात पुलिस स्टेशन में बैंक के कर्मचारियों ने स्वाभिमानी के अध्यक्ष को गिरफ्तार करने की मांग की.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस-
खामगाव शहर पुलिस स्टेशन के थानेदार सूर्यकांत अहिरकर ने बताया कि विविध धाराओं के तहत स्वाभिमानी किसान संगठन के जिला अध्यक्ष पर मामला दर्ज किया है और आरोपी की तलाश मे टीम गठित की गई है. आरोपी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. बैंक कर्मचारियों को भी आश्वस्त किया गया है और आगे की जांच चल रही है.
ये भी पढ़ें: