सीबीएसई बोर्ड के कक्षा 12वीं के रिजल्ट जारी होने के बाद से लगातार विवाद सामने आ रहे हैं. शुरुआत में छात्रों ने ऑन स्क्रीन मार्किंग (OCM) और धुंधली आंसर शीट को लेकर शिकायतें की थीं, लेकिन अब मामला गलत आंसर शीट भेजे जाने तक पहुंच गया है. इस पूरे विवाद ने छात्रों और पेरेंट्स के बीच चिंता बढ़ा दी है. लोगों का कहना है कि अगर कॉपियों की जांच में ऐसी गड़बड़ी होगी तो इसका सीधा असर छात्रों के नंबर और कॉलेज एडमिशन पर पड़ सकता है.
सोशल मीडिया पोस्ट से खुला पूरा मामला
यह मामला तब चर्चा में आया जब वेदांत नाम के एक छात्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि सीबीएसई ने उसे फिजिक्स की जो आंसर शीट दिखाई है, वह उसकी नहीं है. छात्र ने कहा कि जब उसने एवेलुएट की गई कॉपी की फोटोकॉपी देखी तो वह पूरी तरह हैरान रह गया. शुरुआत में सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उसे ट्रोल भी किया.
बाद में जांच में उसकी बात सही निकली. 23 मई को वेदांत ने X पर कई पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि उसे किसी दूसरे छात्र की आंसर शीट भेज दी गई थी. उसने यह भी कहा कि इस गलती की वजह से वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया था.
CBSE ने मानी अपनी गलती
मामले ने जब ज्यादा तूल पकड़ा तो सीबीएसई ने जांच शुरू की. जांच के बाद बोर्ड ने माना कि एवेलुएशन में गड़बड़ी हुई है. बोर्ड ने वेदांत के परिवार से संपर्क कर भरोसा दिलाया कि गलती को जल्द सुधारा जाएगा. साथ ही छात्र की सही फिजिक्स आंसर शीट उपलब्ध कराने और उसके अनुसार रिजल्ट अपडेट करने की बात भी कही गई. बोर्ड की ओर से छात्र को ईमेल और पत्र भेजकर यह पुष्टि की गई कि उसकी सही कॉपी देख ली गई है और नए मार्क्स के आधार पर परिणाम दोबारा जारी किया जाएगा.
केमिस्ट्री की कॉपी में भी सामने आई गड़बड़ी
वेदांत का मामला सामने आने के बाद एक और छात्र ने केमिस्ट्री की उत्तर पुस्तिका को लेकर शिकायत की. छात्र ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उसकी कॉपी की जांच में भी गड़बड़ी हुई है. बाद में सीबीएसई ने इस मामले में भी अपनी गलती स्वीकार कर ली. छात्र ने उन लोगों का धन्यवाद किया जिन्होंने इस मुद्दे को उठाने में उसकी मदद की. अब छात्र और अभिभावक बोर्ड की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं.