Advertisement

यात्रीगण कृपया ध्यान दें... इस दिन हरियाणा में है हड़ताल, रोडवेज का होगा चक्का जाम

रोडवेज कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर बड़ा ऐलान किया है. 12 फरवरी को पूरे हरियाणा में रोडवेज बसों का पूर्ण चक्का जाम रहेगा. इस हड़ताल के कारण राज्यभर में सार्वजनिक परिवहन बुरी तरह प्रभावित होने की संभावना है.

हरियाणा रोडवेज का होगा चक्का जाम
gnttv.com
  • चरखी दादरी,
  • 04 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 4:23 PM IST

अगर आप 12 फरवरी को हरियाणा रोडवेज की बस से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. रोडवेज कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर बड़ा ऐलान किया है. 12 फरवरी को पूरे हरियाणा में रोडवेज बसों का पूर्ण चक्का जाम रहेगा. इस हड़ताल के कारण राज्यभर में सार्वजनिक परिवहन बुरी तरह प्रभावित होने की संभावना है.

इस संबंध में हरियाणा रोडवेज सांझा मोर्चा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों की एक अहम बैठक दादरी रोडवेज वर्कशॉप में आयोजित की गई. बैठक में कर्मचारियों ने एकजुट होकर हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया. रोडवेज कर्मचारियों ने साफ कहा कि 12 फरवरी को किसी भी डिपो से बसों का संचालन नहीं किया जाएगा और पूरे प्रदेश में चक्का जाम रहेगा.

हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के राज्य प्रधान नरेंद्र दिनोद की अगुवाई में हुई इस बैठक में हड़ताल की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. कर्मचारी नेताओं ने बताया कि यह हड़ताल केवल राज्यस्तरीय नहीं, बल्कि राष्ट्रव्यापी हड़ताल का हिस्सा होगी, जिसमें देशभर की कई ट्रेड यूनियन में शामिल होंगी. हरियाणा रोडवेज के कर्मचारी भी इस आंदोलन में सक्रिय भागीदारी करेंगे.

कर्मचारी नेताओं का कहना है कि उनकी मांगें कोई नई नहीं हैं. वे लंबे समय से सरकार और विभागीय अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं. कई दौर की बैठकों में मांगों पर सहमति भी बनी, लेकिन इसके बावजूद अब तक उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार बार-बार आश्वासन देकर मामले को टाल रही है, जिससे उनमें गहरा रोष है.

बैठक के दौरान कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की और सभी कर्मचारियों से 12 फरवरी की हड़ताल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की. नेताओं ने कहा कि यदि इस बार भी सरकार ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी.

रोडवेज कर्मचारियों की इस घोषणा से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे 12 फरवरी को वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित कर लें. आने वाले दिनों में इस हड़ताल को लेकर सरकार और कर्मचारियों के बीच क्या रुख रहता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

रिपोर्टर: प्रदीप कुमार

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement