Advertisement

Chhath Puja 2022: 'टिकट हो या न हो घर तो जाएंगे ही...' छठ के चलते रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़

रेलवे स्टेशन पर कई यात्री टिकट ना मिलने से परेशान दिखाई पड़ते हैं लेकिन रेलवे ने यात्रियों के लिए स्टेशन पर अच्छा खासा इंतजाम किया. आनंद विहार रेलवे स्टेशन के बाहर यात्रियों का इंतजार करने के लिए बकायदा पंडाल लगाया गया है.

आनंद विहार रेलवे स्टेशन
मनीष चौरसिया
  • नई दिल्ली,
  • 26 अक्टूबर 2022,
  • अपडेटेड 7:14 PM IST
  • छठ के चलते रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़
  • किसी की सीट कंफर्म हो चुकी है तो कोई अब भी टिकट कंफर्म होने का इंतजार कर रहा है.

छठ को लेकर रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ दिखने लगी है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से लेकर आनंद विहार रेलवे स्टेशन तक लोगों का हुजूम पहुंच रहा है. लोगों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी तमाम तैयारियों की हैं लेकिन रेलवे स्टेशन के बाहर आपको तमाम लोग ऐसे मिल जाएंगे जो अपनी यात्रा को लेकर हैरान परेशान हैं. किसी की सीट कंफर्म हो चुकी है तो कोई अब भी टिकट कंफर्म होने का इंतजार कर रहा है.

3 महीने से कर रहे कोशिशि, फिर भी टिकट नहीं
यूपी बिहार से बहुत सारे लोग दिल्ली एनसीआर में काम की तलाश में आते हैं लेकिन सभी की इच्छा होती है कि वह छठ का त्योहार अपने घर गांव में परिवार के साथ मनाएं. बिहार के मोतिहारी के रहने वाले पवन कुमार दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं. आनंद विहार रेलवे स्टेशन के बाहर खड़े पवन बेहद परेशान दिखाई पड़ते हैं. पवन कहते हैं कि 3 महीने से टिकट लेने के लिए कोशिश कर रहा था लेकिन कंफर्म टिकट नहीं मिला. वेटिंग टिकट के साथ-साथ अब जनरल टिकट भी ले लिया है अगर आखिर तक टिकट कंफर्म नहीं हुआ तो वह जनरल टिकट के जरिए ही रवाना होंगे हालांकि वो मानते हैं कि जनरल बोगी में सफर करना इस वक्त मुसीबत मोल लेने जैसा है.
 

आनंद विहार रेलवे स्टेशन

किसी भी हालत में पटना पहुंचना है
पटना के रहने वाले मेराज़ आनंद विहार रेलवे स्टेशन के बाहर बेहद गुस्से में दिखाई पड़ते हैं. मेराज़ मुस्लिम हैं. उनके घर में छठ नहीं होती लेकिन वह कहते हैं कि बचपन से ही दोस्त के परिवार में छठ पूजा में हिस्सा लेता हूं. इस बार भी किसी भी हालत में पटना पहुंचना है. मिराज़ रेलवे की व्यवस्था से बेहद नाराज दिखाई पड़ते हैं. वो कहते हैं कि इस बार छठ पूजा के लिए स्पेशल ट्रेन की संख्या बहुत कम है तमाम कोशिश करने के बावजूद टिकट नहीं मिला. वह रेलवे से स्पेशल ट्रेन की संख्या बढ़ाने की अपील करते हैं हालांकि मेराज़ कहते हैं कि छठ पूजा के लिए वो पटना पहुंच कर रहेंगे चाहे टिकट मिले या न मिले.

घर में मिले रोजगार ताकि जानवरों की तरह न करना पड़े सफर
छपरा के राकेश कुमार हरियाणा में एक छोटी सी दुकान चलाते है. छठ पूजा के लिए उनको भी घर पहुंचना है लेकिन जैसे ही हमने राकेश से बात करने की कोशिश की उनका जैसे पूरा दर्द छलक पड़ा. राकेश सीधे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को संबोधित करते हुए कहते हैं कि मुख्यमंत्री को चाहिए कि बिहार में रोजगार पैदा करें ताकि लोग अपने घर को छोड़कर दूसरे शहर ना जाए. न वो दूसरे शहर जाएंगे और ना छठ पूजा पर उन्हें अपने ही घर जानवर की तरह आना पड़ेगा.

आनंद विहार रेलवे स्टेशन

रेलवे का इंतजाम बढ़िया
रेलवे स्टेशन पर कई यात्री टिकट ना मिलने से परेशान दिखाई पड़ते हैं लेकिन रेलवे ने यात्रियों के लिए स्टेशन पर अच्छा खासा इंतजाम किया. आनंद विहार रेलवे स्टेशन के बाहर यात्रियों का इंतजार करने के लिए बकायदा पंडाल लगाया गया है. इस पंडाल में पंखे लगाए गए हैं और कई छोटी-छोटी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है जिन पर ट्रेनों की लाइव जानकारी दिखाई पड़ती है. इतना ही नहीं पंडाल के भीतर लगातार दो एलईडी स्क्रीन पर छठ मैया के गीत भी चलाए जा रहे हैं. भागलपुर के परमवीर और उनके परिवार का टिकट कंफर्म है हालांकि भीड़ के चलते एहतियातन वो रेलवे स्टेशन काफी पहले पहुंच गए. परमवीर कहते हैं कि रेलवे ने बहुत अच्छा इंतजाम किया है ट्रेन का इंतजार करने में किसी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ रहा. आनंद विहार से आज बिहार के लिए 19 ट्रेनें चलाई जा रही हैं. आने वाले वक्त में इनकी संख्या और बढ़ाई जा सकती है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement