Advertisement

कांग्रेस-सपा कुछ नहीं कर पाई, हमने दिमागी बुखार को जड़ से खत्म कर दिया- सीएम योगी

यूपी के संत कबीर नगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिमागी बुखार को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकार ने दिमागी बुखार के लिए कुछ नहीं किया. जब डबल इंजन की सरकार आई तो दिमागी बुखार को खत्म कर दिया गया. इसके साथ ही सीएम योगी ने कानून व्यवस्था का भी जिक्र किया.

CM Yogi Adityanath
समर्थ श्रीवास्तव /आशीष श्रीवास्तव
  • लखनऊ,
  • 11 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 6:02 PM IST

उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने 684 करोड़ रुपए से अधिक की 201 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को निशाने पर लिया. मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था से लेकर गरीबों के लिए चल रही योजनाओं तक का जिक्र किया.

सीएम योगी ने किया दिमागी बुखार का जिक्र-
इस दौरान सीएम ने कहा कि पहले बारिश आते ही संत कबीर नगर, गोरखपुर, श्रावस्ती, बस्ती, कुशीनगर, देवरिया, गोंडा और बलरामपुर जैसे जिलों में डर फैल जाता था, हर मां को यह चिंता सताने लगती थी कि न जाने कौन-सा बच्चा इस दिमागी बुखार की चपेट में आ जाए. उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस इस बीमारी को रोक नहीं पाई. 4 बार सरकार बनाने वाली समाजवादी पार्टी ने भी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया. जब डबल इंजन की सरकार आई तो दिमागी बुखार को जड़ से खत्म कर दिया. इससे इलाके के लोगों को बड़ी राहत मिली. उन्होंने कहा कि अब बच्चों की मौत बीमारी से नहीं हो सकती, वैसे ही नहीं हो सकती, जैसे आज कोई माफिया किसी नौजवान के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता.

सरकार ने मगहर में कबीर एकेडमी का निर्माण किया- सीएम
सीएम योगी ने कहा कि संत कबीर दास की स्मृतियों को जीवंत बनाने के लिए डबल इंजन की सरकार ने कबीर एकेडमी का निर्माण मगहर में किया है, वहां का सुंदरीकरण किया है. संत कबीर दास से जुड़ी विभिन्न पहलों को लेकर शोध को आगे बढ़ाने के लिए हम लोगों ने कार्यक्रम को आगे बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि बदलता संत कबीर नगर बदलते यूपी की कहानी को बयां कर रहा हैं.

कानून व्यवस्था पर बोले सीएम योगी-
कानून व्यवस्था को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीमारी को भी समाप्त किया, माफिया को भी समाप्त किया. उन्होंने कहा कि अब राह चलते हुए किसी बेटी को गुंडा छेड़ नहीं सकता है,  ईमानदारी के साथ व्यापार करने वाले किसी व्यापारी के साथ कोई जबरदस्ती नहीं कर सकता है. उसे मालूम है कि बेटी के साथ छेड़खानी की और व्यापारी के साथ लूटपाट करने का प्रयास किया तो खामियाजा एक ही होगा या तो जेल जाना पडे़गा या जहन्नुम की यात्रा के लिए तैयार रहना होगा.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement