CM Yogi Adityanath: अपने काम की जमीनी हकीकत का जायजा लेने के लिए हर दिन नया जनपद नाप रहे हैं सीएम योगी, पत्रकारों को दिए डिनर के दौरान अनौपचारिक बातचीत में कई मुद्दों पर रखी अपनी राय

सीएम योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों को दिए डिनर के दौरान अनौपचारिक बातचीत में कई मुद्दों पर अपनी राय रखी. बातचीत के दौरान सीएम योगी फुटबॉल प्रेमी निकले. उन्होंने बताया कि आधी रात को फीफा फाइनल देखा और स्पेन के खेल को खूब सराहा. सीएम ने बताया कि कॉलेज के दिनों में वह भी फुटबॉल के खिलाड़ी थे.

CM Yogi Adityanath 
कुमार अभिषेक
  • लखनऊ,
  • 22 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:34 AM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों को दिए डिनर के दौरान अनौपचारिक बातचीत में कई मुद्दों पर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि राम मंदिर पर गठित एसआईटी में जल्द ही बदलाव होंगे. चूंकि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला SIT और अयोध्या पुलिस अलग-अलग जांच कर रही है, इसलिए सुप्रीम कोर्ट के सुझाव को मानते हुए एसआईटी को लीड करने की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को दी जा सकती है. चर्चा है एसआईटी में DIG किरण एस को इसे लीड करने की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. यही नहीं सीएम ने साफ कहा कि SIT की जांच का टाइम 1 महीना और बढ़ाया गया है और SIT की रिपोर्ट सीधे सुप्रीम कोर्ट को दी जाएगी सरकार को नहीं.

हनुमान गढ़ी की सीढ़ियों पर पढ़ी गई थी नमाज 
मुख्यमंत्री योगी ने हनुमानगढ़ी पर नमाज की बात को फिर दुहराया और कहा कि हनुमान गढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़ी गई थी. इसके पुख्ता प्रमाण हैं. तब भी उन्होंने इसका विरोध किया था. यही नहीं उन्होंने तब हनुमानगढ़ी आकर इसके खिलाफ सभा भी की थी, जो लोग कह रहे हैं कि नमाज नहीं पढ़ी गई तो एक बार इतिहास देख लें और तब के समाचार माध्यम देख लें उन्हें भी पता लग जाएगा. जब आजम की बनाई जौहर यूनिवर्सिटी कि बिल्डिंग गिराने पर पूछा गया तो मुख्यमंत्री ने इसपर कोई खास प्रतिक्रिया नहीं बस कहा कानून के मुताबिक ही कुछ भी होगा.

कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन पर कही यह बात
पत्रकारों ने जब जल्द चुनाव के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि अब तो चुनाव आयोग ने ही कह दिया है कि वक्त पर होंगे लेकिन उनकी हर रोज किसी न किसी जनपद में हो रहे दौरे को जल्द चुनाव से नहीं जोड़ना चाहिए. योगी ने कहा वो कामों की जमीनी हकीकत देखने के लिए अब हर जनपद का दौरा कर रहे हैं. कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन पर जब उनकी राय पूछी गई तो योगी ने कहा कि दीपके जब लखनऊ आया था तो आंदोलनरत छात्र खुद ही उसके खिलाफ थे और उसके खिलाफ माहौल को देखते हुए लखनऊ पुलिस की परोक्ष सुरक्षा देनी पड़ी थी.

यूपी में भी रणजी की चार टीमें होनी चाहिए 
लखनऊ के पार्कों में जब बच्चों के खेलने की जगह की कमी की बात उठाई गई तो सीएम ने कहा उनका ध्यान इस ओर गया है. बच्चों के खेलने के लिए कोशिशें जारी हैं. योगी ने कहा महाराष्ट्र और गुजरात की तर्ज पर यूपी में भी रणजी की चार टीमें होनी चाहिए क्योंकि यहां इतनी बड़ी आबादी के लिए सिर्फ 1 रणजी की टीम होती है, जिससे ज्यादातर क्रिकेट टैलेंट पलायन कर जाता हैं. बातचीत के दौरान सीएम योगी फुटबॉल प्रेमी निकले. उन्होंने बताया कि आधी रात को फीफा फाइनल देखा और स्पेन के खेल को खूब सराहा. सीएम ने बताया कि कॉलेज के दिनों में वह भी फुटबॉल के खिलाड़ी थे.ऐसे ही अनेकों मुद्दों पर अनौपचारिक तौर पर सीएम ने अपनी राय रखी. बाद में डिनर में मिलेट के व्यंजन परोसे गए ओर आखिर में मशहूर दशहरी आम परोसा गया.


 

Read more!

RECOMMENDED