Smart Meter Complaint: स्मार्ट मीटर ने उपभोक्ताओं की उड़ाई नींद, ज्यादा बिल आने का आरोप, कम बकाए पर डिस्कनेक्ट हो रही बिजली

यूपी में स्मार्ट मीटर ने उपभोक्ताओं की नींद उड़ा दी है. कई उपभोक्ताओं ने ज्यादा बिल आने के आरोप लगाए हैं. इसके साथ ही कम बकाए पर बिजली डिस्कनेक्ट होने की शिकायत की है. लोगों की मांग है कि स्मार्ट मीटर को बदल कर जनरल मीटर लगाया जाय.

Smart Meter
gnttv.com
  • भदोही,
  • 22 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:05 PM IST

उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच भले ही सरकार ने फिलहाल इसके नए इंस्टॉलेशन पर रोक लगा दी हो, लेकिन जिन उपभोक्ताओं के घरों में ये मीटर पहले से लगे हैं, उनकी परेशानियां कम होती नजर नहीं आ रहीं. भदोही जिले में कई उपभोक्ताओं ने बिजली बिल में अचानक बढ़ोतरी और मामूली बकाया पर ऑटोमैटिक कनेक्शन कटने की शिकायत की है. भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम लोगों और कारोबारियों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं, जिससे स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.

केस 1
भदोही जिले के ज्ञानपुर नगर के बालीपुर निवासी सोनू सिंह ने बताया कि जबसे जनरल मीटर की जगह उनके यहां स्मार्ट मीटर लगाया गया है तबसे बिल दोगुना आ रहा है. इसके साथ ही दो दिन पहले 667 रुपए माइनस में होने के कारण स्मार्ट मीटर ने विद्युत आपूर्ति रोक दी. इससे भीषण गर्मी में काफी परेशानी हुई. इसके बाद उन्होंने 1200 रुपए बिल जमा किए लेकिन इसके बावजूद उनके मोबाइल पर 667 रुपए बकाया होने के कारण विद्युत आपूर्ति रोक देने का मैसेज आ रहा है, जिससे वो मानसिक रूप में परेशान हो गए हैं.

केस 2
चकटोडर ग्राम सभा के दलित बस्ती निवासी लालमनी पेशे से ऑटो चालक हैं. उन्होंने बताया कि सामान्य मीटर से लगभग 300 रुपए का बिल आता था. छह माह पहले उनके पत्नी को फालिश मार दिया, जिसके कारण वो छह माह का बिल नहीं जमा कर पाए. इसी बीच उनके यहां मीटर बदल कर स्मार्ट मीटर लगा दिया गया. स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उनके 17 हजार का बकाया बिजली बिल पकड़ाया गया है. अब एक हजार से अधिक बिजली का बिल आ रहा है. लालमनि का कहना है कि वो गरीब हैं और किसी तरह बीमार पत्नी और परिवार की देखभाल कर रहे हैं. ऐसे में वो भारी भरकम बिल कैसे जमा कर सकेंगे. इसी गांव के हरिशंकर और रीता के घर की बिजली स्मार्ट मीटर के कारण अधिक आ रही है. दोनों उपभोक्ताओं का दावा है कि पहले दो-तीन सौ रुपए बिल आते थे, जिसे जमा करने में कठिनाई नहीं होती थी लेकिन स्मार्ट मीटर के कारण भारी भरकम बिल वो जमा करने में असमर्थ हैं.

केस 3
ग्रामीणों के साथ-साथ दुकानदार भी स्मार्ट मीटर से परेशान हैं. ज्ञानपुर नगर में कपड़े की दुकान चलाने वाले शिवम शुक्ला और राम बहादुर यादव का कहना है कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर के कारण बिजली बिल में बढ़ोतरी हुई है. इसके साथ ही मामूली बकाए पर भी पावर सप्लाई रोक दी जा रही है. फिर दुकानदार बिजली विभाग का चक्कर लगाने में परेशान हैं. लोगों की मांग है कि स्मार्ट मीटर को बदल कर जनरल मीटर लगाया जाय.

(महेश जायसवाल की रिपोर्ट) 


 

Read more!

RECOMMENDED