Advertisement

पिछले 5 महीनों से नहीं हुआ कार का रजिस्ट्रेशन, एजेंसी कर्मचारी बोला 'चारा ढो लो'... परेशान युवन ने लादा चारा और करने लगा प्रदर्शन

मोगा एक कार ग्राहक की पिछले 5 महीनों की कार की आरसी नहीं बन पाई है. वह एजेंसी और आरटीओ के चक्कर काटने को मजबूर है. जिसके बाद इस परेशान युवक ने गाड़ी पर चारा लादकर उसे बैल से खींचवा अनोखा प्रदर्शन किया.

नई कार पर लदे चारे को खींचता बैल
तन्मय समानता
  • मोगा,
  • 23 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 4:38 PM IST

मोगा में नई इनोवा गाड़ी खरीदने के करीब पांच महीने बाद भी रजिस्ट्रेशन न होने से परेशान एक ग्राहक ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया. ग्राहक दविंदरपाल सिंह ने अपनी नई इनोवा गाड़ी पर चारा लाद दिया. जिसके बाद कार को लादकर आईजीएम टोयोटा कंपनी के आगे बैल से गाड़ी को खिंचवाकर पूरे जीटी रोड से लेकर मोगा शहर में रोज प्रदर्शन किया. 

पांच महीने से नहीं बनी कार की आरसी

दविंदरपाल सिंह के अनुसार, उन्होंने करीब पांच महीने पहले इनोवा गाड़ी की बुकिंग 31 लाख 30 हजार रुपए में करवाई थी. इसके कुछ दिन बाद एजेंसी की ओर से गाड़ी की कीमत बढ़ाए जाने की बात कही गई. जिसके चलते उन्होंने करीब 54 हजार रुपए और जमा करवाए. इसके बावजूद उनकी गाड़ी की आरसी नहीं बन सकी.

उन्होंने बताया कि जब वह आरसी बनवाने के लिए चंडीगढ़ स्थित आरटीओ कार्यालय पहुंचे तो अधिकारियों ने बिलिंग राशि और आरटीओ के रिकॉर्ड में दर्ज राशि में अंतर होने की बात कही. उन्हें बताया गया कि जब तक बिलिंग सही नहीं होगी, तब तक गाड़ी की रजिस्ट्रेशन नहीं हो सकती.

मोगा में नहीं होती ठीक तरीके से बिलिंग

दविंदरपाल सिंह का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कंपनी और एजेंसी के अधिकारियों से कई बार संपर्क किया, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया. उनका कहना है कि मोगा में संबंधित एजेंसी की बिलिंग व्यवस्था न होने के कारण बिलिंग लुधियाना से की जाती है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

एजेंसी कर्मचारी के कहने के बाद लादा चारा

दविंदरपाल सिंह ने बताया कि कथित तौर पर एजेंसी के एक कर्मचारी ने उन्हें यह कह दिया कि अब गाड़ी पर चारा ही ढो लो. इसी बात से आहत होकर उन्होंने नई इनोवा पर चारा लादकर सड़क पर अपना विरोध जताया.

उन्होंने कंपनी और एजेंसी से जल्द उनकी गाड़ी की बिलिंग संबंधी समस्या दूर कर आरसी बनवाने की मांग की है. वहीं, मामले में एजेंसी या कंपनी का पक्ष सामने नहीं आया है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement