देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है. पिछले दो दिनों से उत्तर भारत के कई राज्यों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली है. वहीं जम्मू-कश्मीर में लगातार भारी बारिश से हालात गंभीर बने हुए हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 जुलाई के लिए देश के 22 राज्यों में बारिश, तेज हवा और कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के अनुसार, 20 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं. सुबह के समय कई इलाकों में मीडियम बारिश होने की संभावना है. इसके साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हालांकि शाम के समय उमस बनी रह सकती है, इसलिए गर्मी और नमी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में 20 जुलाई को अच्छी बारिश होने की संभावना है. कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके साथ आंधी, तेज हवा और बिजली गिरने का भी खतरा रहेगा. मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में 22 जुलाई तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है.
बिहार के कई जिलों में सोमवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. ऐसे में लोगों को बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने और मौसम से जुड़े अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश ने कई इलाकों में नुकसान पहुंचाया है. पुंछ और राजौरी जिलों में आई अचानक बाढ़ से जान-माल का नुकसान हुआ है. खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अमरनाथ यात्रा के साथ-साथ माता वैष्णो देवी और शिव खोरी की यात्रा भी अस्थायी रूप से रोक दी है. यात्रियों से मौसम सामान्य होने तक यात्रा टालने की अपील की गई है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा बढ़ गया है. प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर है.