Advertisement

भीषण गर्मी के बीच दिल्ली वालों के लिए राहत की खबर! आज बदल सकता है मौसम, केरल में भी मानसून की दस्तक जल्द

मौसम विभाग के अनुसार 25 मई की दोपहर और शाम के दौरान दिल्ली में हीट वेव के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.

Delhi-NCR Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 25 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:14 AM IST
  • क्या कम होगा दिल्ली का तापमान?
  • 25 मई को बदल सकता है मौसम

राजधानी दिल्ली इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. लगातार कई दिनों से तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है. तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है. हालांकि इस बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 25 मई की दरमियानी रात दिल्ली में तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है. इसे लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है.

25 मई को बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 25 मई की दोपहर और शाम के दौरान दिल्ली में हीट वेव के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. वहीं 26 मई को भी तेज सतही हवाएं और हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है. अब लोगों की नजर मौसम विभाग के अनुमान पर टिकी हुई है कि आने वाले घंटों में तेज हवाएं और बारिश होती है या नहीं.

क्या कम होगा दिल्ली का तापमान?
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होती है तो तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि फिलहाल हीट वेव का असर पूरी तरह खत्म होने के आसार नहीं हैं. दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से लू चल रही है. दोपहर के समय सड़कें लगभग खाली नजर आती हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं.

देश के कई हिस्सों में मौसम का अलर्ट
मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और पूर्वोत्तर भारत में अगले 4 से 5 दिनों तक भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा कई राज्यों में धूल भरी आंधी और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.

IMD के अनुसार केरल में गुरुवार तक भारी बारिश हो सकती है. वहीं केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप के तटीय इलाकों में समुद्र भी उफान पर रह सकता है और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

केरल में मानसून कब देगा दस्तक?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और केरल में इसकी दस्तक जल्द हो सकती है. अगर मौसम की मौजूदा गतिविधियां जारी रहीं तो आने वाले कुछ दिनों में मानसून केरल पहुंच सकता है. इसके बाद धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों में भी बारिश का सिलसिला शुरू होगा.

गर्मी से बचने के लिए क्या करें?

  • दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें.

  • ज्यादा से ज्यादा पानी और तरल पदार्थ पिएं.

  • हल्के रंग और ढीले कपड़े पहनें.

  • बाहर निकलते समय छाता, टोपी या गमछे का इस्तेमाल करें.

  • बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें.

  • ज्यादा देर तक खाली पेट न रहें.

  • चक्कर, कमजोरी या तेज सिरदर्द होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.

ये भी पढ़ें

 

    Read more!
    Advertisement

    RECOMMENDED

    Advertisement
    Advertisement