दिल्ली में प्री मानसून बारिश, 5 साल की सबसे लेट एंट्री, 7 जुलाई तक रोज बारिश के आसार, देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मानसून फिलहाल उत्तर भारत में तेजी से आगे बढ़ रहा है. यह उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है. मौसम की मौजूदा परिस्थितियां अनुकूल हैं और अगले 24 घंटे में हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में मानसून के प्रवेश की संभावना है.

Delhi Monsoon Rain, IMD Prediction (File Photo-ITG))
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 02 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:28 AM IST
  • 3 या 4 जुलाई तक दिल्ली में मानसून पहुंचने का अनुमान
  • 7 जुलाई तक रोज बारिश और गरज-चमक के आसार

दिल्ली-एनसीआर के लोगों का गर्मी से इंतजार अब खत्म होने वाला है. मौसम विभाग (IMD) और निजी एजेंसी स्काइमेट के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून 3 या 4 जुलाई तक दिल्ली पहुंच सकता है. इसके बाद 7 जुलाई तक राजधानी में रोज बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. दूसरी ओर मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और कर्नाटक समेत कई राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

दिल्ली में मानसून कब पहुंचेगा?
स्काइमेट के मुताबिक, मानसून फिलहाल उत्तर भारत में तेजी से आगे बढ़ रहा है. यह उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है. मौसम की मौजूदा परिस्थितियां अनुकूल हैं और अगले 24 घंटे में हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में मानसून के प्रवेश की संभावना है. अगर अनुमान सही रहा तो दिल्ली में मानसून 3 या 4 जुलाई को दस्तक देगा.

5 साल में सबसे लेट होगी मानसून की एंट्री
2020: 25 जून को मानसून पहुंचा.
2021: 13 जुलाई को पहुंचा, जो हाल के वर्षों में सबसे देर थी.
2022 से 2025: जून के आखिर तक मानसून आ चुका था.
2026: अब 3-4 जुलाई तक पहुंचने का अनुमान है.

7 जुलाई तक कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक 3 से 7 जुलाई के बीच दिल्ली में लगभग हर दिन बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. गुरुवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

अगले 2 घंटे के लिए भी अलर्ट क्यों जारी हुआ?
IMD ने दिल्ली-एनसीआर के लिए नाउकास्ट अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसका असर दिल्ली के अलावा हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में भी देखने को मिल सकता है.

किन राज्यों में भारी बारिश का खतरा है?
मध्य प्रदेश

IMD ने 5 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके साथ आंधी, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. हाल के 24 घंटे में खंडवा, खरगोन, सीहोर, देवास, हरदा, नर्मदापुरम, सतना, बालाघाट और अन्य जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई.

उत्तराखंड
बुधवार को मानसून पूरे उत्तराखंड में पहुंच गया. गुरुवार के लिए देहरादून समेत पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. देहरादून, मसूरी, रुद्रप्रयाग, हल्द्वानी, पौड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई.

हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक
लगातार हो रही बारिश की वजह से भूस्खलन, सड़कें बंद होने और जनजीवन प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं. दोनों राज्यों में चार लोगों की मौत भी हुई है.

क्या पूरे देश में सामान्य बारिश होगी?
IMD के मुताबिक, जुलाई 2026 में पूरे देश में औसत बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है. हालांकि, अलग-अलग राज्यों में सक्रिय मानसूनी सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई इलाकों में कुछ दिनों तक भारी बारिश हो सकती है.

ये भी पढ़ें

 


 

    Read more!

    RECOMMENDED