दिल्ली-NCR में रविवार की रात मौसम अचानक करवट ले सकता है. मौसम वैज्ञानिकों ने तेज आंधी, गरज-चमक, बिजली गिरने और कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है. दिनभर की गर्मी के बाद शाम और रात के दौरान मौसम तेजी से बदल सकता है. दिल्ली समेत उत्तर भारत में इस समय प्री-मानसून का दौर चल रहा है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर मई के आखिरी दिनों में इतना शक्तिशाली वेदर सिस्टम कैसे बन गया? क्या भीषण गर्मी में राहत मिलने वाली है?
आखिर क्या है इस मौसम बदलाव की वजह?
इस मौसमी बदलाव की वजह एक बेहद मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) जिम्मेदार है. यह एक ऐसा मौसम तंत्र होता है जो भूमध्यसागर (Mediterranean Sea) के आसपास बनता है और हजारों किलोमीटर का सफर तय करके भारत तक पहुंचता है. आमतौर पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सर्दियों में सक्रिय रहते हैं और उत्तर भारत में बारिश तथा हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी कराते हैं. लेकिन मई के अंत में इतना शक्तिशाली सिस्टम सक्रिय होना सामान्य बात नहीं मानी जाती. इस बार यह सिस्टम पंजाब और उत्तराखंड के ऊपर बेहद मजबूत स्थिति में मौजूद है, जिसकी वजह से दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम तेजी से बदल रहा है.
मौसम वैज्ञानिक इसे इतना खास और खतरनाक क्यों मान रहे हैं?
विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के साथ एक क्लोज्ड साइक्लोनिक सेंटर यानी बंद चक्रवाती केंद्र भी बना हुआ है. इसे आसान भाषा में समझें तो यह वातावरण में घूमता हुआ एक विशाल भंवर जैसा है.
इसके साथ ऊंचाई पर एक शक्तिशाली जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है. जेट स्ट्रीम तेज रफ्तार से बहने वाली हवा की पट्टी होती है, जो जमीन से करीब 10 किलोमीटर ऊपर चलती है. यह जेट स्ट्रीम पूरे सिस्टम को अतिरिक्त ऊर्जा दे रही है और आंधी-तूफान वाले बादलों को तेजी से आगे बढ़ा रही है. यही वजह है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम अचानक उग्र हो सकता है.
दिल्ली-NCR में आज रात क्या असर दिख सकता है?
मौसम विभाग और विशेषज्ञों के अनुसार शाम से लेकर देर रात तक कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश होने की संभावना है. आंधी की रफ्तार काफी तेज हो सकती है, जिससे पेड़ गिरने, ट्रैफिक प्रभावित होने और बिजली आपूर्ति में बाधा आने जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं. खुले इलाकों में बिजली गिरने का खतरा भी बढ़ जाता है.
क्या बारिश के बाद सर्दियों जैसी ठंड महसूस होगी?
बहुत से लोगों के मन में यह सवाल है क्योंकि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का नाम आते ही सर्दियों की बारिश और ठंड याद आती है. हालांकि इस बार ऐसा नहीं होगा. बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में अच्छी-खासी गिरावट जरूर आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन मौसम दिसंबर-जैसा ठंडा नहीं होगा. कारण यह है कि मई के अंत तक जमीन और वातावरण का निचला हिस्सा पहले से ही काफी गर्म है. इसलिए बारिश के बाद मौसम सुहावना तो होगा, लेकिन सर्दियों वाली ठंड महसूस नहीं होगी.
लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, छत और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें. मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल भी सावधानी से करें. वाहन चलाते समय दृश्यता कम हो सकती है, इसलिए सतर्कता जरूरी है. कुल मिलाकर, दिल्ली-NCR के लिए आज की रात मौसम के लिहाज से काफी सक्रिय रहने वाली है. तेज बारिश और आंधी जहां गर्मी से राहत देंगी.
ये भी पढ़ें