Advertisement

दिल्ली-एनसीआर में 12 जुलाई तक बरसेंगे बादल, आज रेड अलर्ट; यूपी, उत्तराखंड, पंजाब समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन राज्यों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने और नदियों के जलस्तर बढ़ने की आशंका है.

दिल्ली में आज रेड अलर्ट
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:41 PM IST

लगातार सक्रिय मानसून ने उत्तर भारत के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 12 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. इससे तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है. हालांकि, भारी बारिश की आशंका को देखते हुए केवल आज के लिए दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया गया है.

दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में लोगों को जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलने और जलभराव वाले इलाकों से बचने की सलाह दी गई है.

इन राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन राज्यों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने और नदियों के जलस्तर बढ़ने की आशंका है.

वहीं, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, असम, मेघालय और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने को कहा है.

कई राज्यों में आफत बनी बारिश
भारी बारिश का सबसे गंभीर असर केरल के वायनाड में देखने को मिला है. यहां एक सुरंग निर्माण परियोजना के पास बारिश के कारण हुए भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. राहत और बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं.

महाराष्ट्र और गुजरात में भी लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं, यातायात बाधित है और नदियों का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन ने निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. कुछ जगहों पर भारी बारिश से जुड़े हादसों में जान-माल का नुकसान भी हुआ है.

अगले कुछ दिन बरतें सावधानी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उत्तर, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा. जिन क्षेत्रों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहां लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर न जाने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है. दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत की बात यह है कि 12 जुलाई तक मौसम सुहावना बना रह सकता है, लेकिन भारी बारिश के दौरान सतर्क रहना जरूरी होगा.

ये भी पढ़ें

 

    Read more!
    Advertisement

    RECOMMENDED

    Advertisement
    Advertisement