दिल्ली-NCR में गुरुवार, 15 अक्टूबर की सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है. दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं. धूप गायब होने से कई जगह अंधेरा हो गया. मौसम विभाग ने आज के लिए दिल्ली-NCR समेत हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
दिल्ली-NCR में आज और कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 15 अक्टूबर को दिल्ली-NCR में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी है. दोपहर से शाम के बीच तेज हवाएं चल सकती हैं. 16 अक्टूबर को भी दिल्ली में बादल छाए रहने, हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना है. ऐसे में लोगों को मौसम में होने वाले बदलाव को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है.
गुरुवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 165 रहा. यह खराब नहीं, बल्कि मध्यम श्रेणी में आता है.
हरियाणा और यूपी के इन इलाकों में होगी बारिश
हरियाणा के कुरुक्षेत्र, कैथल, नरवाना, करनाल, फतेहाबाद, राजौंद, असंध, सफीदों, बरवाला, जींद, पानीपत, आदमपुर और हिसार में मौसम बदल सकता है. इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की आशंका है. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, गंगोह, शामली और गाजियाबाद में भी बारिश और आंधी का असर दिख सकता है. वहीं, दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में ओले गिरने की संभावना भी जताई गई है.
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम में इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग इलाकों में बने चक्रवाती हवा के क्षेत्र को वजह माना जा रहा है. उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू के आसपास निचले वायुमंडल में पश्चिमी विक्षोभ का असर है. इसके अलावा, उत्तरी हरियाणा और आसपास के इलाकों में चक्रवाती हवाओं के कारण बारिश हो सकती है. बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भी कुछ इलाकों में बारिश की स्थिति बना सकती है.
ये भी पढ़ें: