Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने अपने ही कांस्टेबल को किया गिरफ्तार... लेकिन क्यों... यहां जानिए 

दिल्ली पुलिस ने अपने महकमे में तैनात एक कांस्टेबल को 50 लाख रुपए से ज्यादा की लूट के आरोप में गिरफ्तार किया है. इस घरना के बाद आरोपी कांस्टेबल अपने साथियों के साथ फरार हो गया था. अब जाकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है. यहां आप पूरा मामला जान सकते हैं. 

Symbolic Photo
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 01 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:18 PM IST

अभी कुछ दिनों पहले दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने बिहारी होने पर एक मजदूर की गोली मार कर हत्या की थी. इससे दिल्ली पुलिस की किरकिरी हुई थी, अब और एक ताजा मामला सामने आया है जिससे फिर पुलिस की किरकिरी हो रही है. दरअसल,  दिल्ली पुलिस ने अपने महकमे में तैनात एक कांस्टेबल को 50 लाख रुपए से ज्यादा की लूट के आरोप में गिरफ्तार किया है.

दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी कांस्टेबल समय सिंह की पोस्टिंग दिल्ली पुलिस की 5th बटालियन में थी. समय सिंह के ऊपर पहले भी कई मुकदमे हैं, जो दिल्ली के ही सराय रोहिल्ला थाना, चांदनी महल थाना इलाके में दर्ज है. इसमें भी वह पकड़ा जा चुका है. उसके बाद भी दिल्ली पुलिस में समय सिंह बरकरार था. इस आरोपी ने 31 मार्च को लूट की वारदात को अपने साथियों के साथ अंजाम दिया था. इस घटना के बाद समय सिंह के साथी पहले ही पकड़े जा चुके हैं, सिर्फ समय सिंह फरार था. 

पहले भी 3 केस हैं दर्ज 
दिल्ली पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस आरोपी को तलाशने के लिए सीसीटीवी कैमरा फुटेज का सहारा लिया गया था. इसके बाद इसकी टेक्निकल सर्विलांस के जरिए जानकारी जुटा गई. समय सिंह राजस्थान के दौसा में छिपा बैठा था. आरोपी कांस्टेबल बहुत शातिर है और हर बार लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देता था. मार्च में इसने तकरीबन 50 लाख से ज्यादा की लूट की वारदात को अंजाम दिया था. इसके बाद अपने साथियों संग फरार हो गया था. 2009 बैच का कांस्टेबल है समय सिंह मीणा, जिस पर पहले भी 3 मुकदमे दर्ज थे. फिर भी दिल्ली पुलिस की बटालियन में तैनात था.

क्या था मामला
शिकायतकर्ता राणा महेपाल सिंह ने बताया था कि वह गुजरात के महेसाणा का रहने वाला है. वह काम के सिलसिले में दिल्ली आया हुआ था. 31 मार्च 2026 को वह अपने साथी मोहन लाल के साथ चांदनी चौक इलाके में काम खत्म करके स्कूटी से वापस जा रहा था. उनके पास एक बैग था, जिसमें लाखों रुपए नकद, कपड़े और अन्य सामान रखा हुआ था. शाम करीब 5:45 बजे जब वे आजाद मार्केट चौक के पास रेलवे अंडरपास के पास पहुंचे, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो युवक आए और उन्होंने उनकी स्कूटी को रोक लिया. इसके बाद एक आरोपी नीचे उतरा और उसने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की. उनके हाथ से बैग छीन लिया. दोनों आरोपियों ने हेलमेट पहन रखा था, इसलिए उनका चेहरा साफ दिखाई नहीं दिया. बैग छीनने के बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए. इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया गया. 

(अरविंद कुमार ओझा की रिपोर्ट)

 

Read more!

RECOMMENDED