दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट टेंडर धांधली और करप्शन मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने पूर्व जल मंत्री सत्येंद्र जैन और पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. सत्येंद्र जैन ने इस गिरफ्तारी को लेकर कहा कि ये पंजाब चुनावों की वजह से किया जा रहा है तो मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सब कार्रवाई कैग रिपोर्ट के आधार पर की जा रही हैं.
बीजेपी पर बरसे अरविंद केजरीवाल-
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सरकार को निशाने पर लिया. दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने ACB के एक अधिकारी के हवाले से दावा किया कि सुबह एसीबी का सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार करने का कोई प्लान नहीं था. फिर दोपहर में अमित शाह का सीधे फोन आया कि गिरफ्तार कर लो. तब गिरफ्तार किया.
उन्होंने लिखा कि जाहिर है कि अब गिरफ्तारी इस बात से नहीं होती कि किसी ने कोई गुनाह किया है या नहीं, बल्कि इस बात से होती है कि वे दोनों किसे गिरफ्तार करना चाहते हैं?
अरविंद केजरीवाल ने सवाल पूछा कि अमित शाह जी बताएं कि उन्होंने जांच एजेंसी पर दबाव डालकर सत्येंद्र जैन को क्यों गिरफ्तार करवाया?
कब की जाती है गिरफ्तारी? केजरीवाल ने बताया-
अरविंद केजरीवाल ने एक दूसरे पोस्ट में बताया कि गिरफ्तारी तब की जाती है, जब पुलिस को उस व्यक्ति से पूछताछ और जांच करनी हो. सत्येंद्र जैन की पुलिस ने कस्टडी ही नहीं ली. इसका मतलब सत्येंद्र से कोई पूछताछ नहीं करनी. केवल अमित शाह के दबाव के कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया है.
CAG रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई- CM रेखा गुप्ता
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 19 कैग रिपोर्ट सदन के पटल पर पेश की गई, पिछली सरकारों के दौरान एक-एक घोटाला जो आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान हुआ था, उस घोटाले को प्रस्तुत करता है. उन्होंने कहा कि सभी कार्रवाई कैग रिपोर्ट के आधार पर चल रही है. एजेंसी अपना काम कर रही है और जो बीज बोया है, वह सामने तो आएंगे ही... सत्येंद्र जैन ने जो स्कैम जल बोर्ड में किया था, उसी नाते से वो जेल गए हैं और कार्रवाई चल रही है.
ये भी पढ़ें: