हफ्तों से झुलसा देने वाली गर्मी के बाद आखिरकार दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट ले ली है. राजधानी के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है. अचानक बदले मौसम ने तापमान में गिरावट ला दी है और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया है.
पश्चिमी विक्षोभ का असर, बादल और बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब उत्तर भारत के कई हिस्सों में दिख रहा है. इसी सिस्टम के कारण दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बारिश हो रही है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का बदला हुआ मौसम बना रह सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी.
IMD का येलो अलर्ट, आंधी-तूफान की चेतावनी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक दोपहर और शाम के समय तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी है.
केरलम में मानसून की एंट्री, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
केरलम में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आखिरकार दस्तक दे दी है. इसके प्रभाव से केरलम के साथ-साथ तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में अगले 7 दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार यह बारिश लगातार जारी रह सकती है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है.
अगले कुछ दिनों में कई राज्यों तक पहुंचेगा मानसून
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिनों में मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा. इस दौरान गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी मानसून की एंट्री हो सकती है. इसके चलते इन इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है.
इस बार मानसून में हल्की देरी, सामान्य से 3 दिन लेट
इस साल मानसून सामान्य समय से करीब 3 दिन देर से केरलम पहुंचा है. आमतौर पर मानसून 1 जून के आसपास केरलम में प्रवेश करता है और इसके बाद लगभग डेढ़ महीने में पूरे देश में फैल जाता है. मानसून की यह प्रगति कृषि और जल संसाधनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है.
ये भी पढ़ें