रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को साफ-सुथरा और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के दावों के बीच सूरत रेलवे स्टेशन से आए एक वीडियो में रेलवे प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सामने आया वीडियो रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली और खान-पान स्टॉल्स की स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.
दरअसल सूरत रेलवे स्टेशन के एक टी स्टॉल के कांच के डिस्प्ले बॉक्स में रखे पफ को चूहा बेखौफ होकर खाते हुए कैमरे में कैद हो गया था. किसी यात्री द्वारा बनाए गए इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया था. आनन फ़ानन में रेलवे द्वारा वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए रेलवे स्टेशन पर स्थित टी स्टाल की साफ़ सफ़ाई करवा कर बंद कर दिया गया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो सूरत रेलवे स्टेशन पर प्लेट फ़ार्म नंबर एक पर संचालित ‘मैसर्स दिनेश एसोसिएट्स टी स्टॉल’ का है. वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि जिस कांच के डिस्प्ले काउंटर में यात्रियों के लिए खाद्य सामग्री रखी गई थी, उसी के अंदर एक चूहा पफ खा रहा है.
सबसे गंभीर बात यह है कि खाद्य पदार्थ खुले तौर पर चूहे की पहुंच में था और काफी देर तक वह उसे खाता रहा. वायरल वीडियो 29 अगस्त शनिवार तड़के करीब 3:15 से 3:45 बजे के बीच का है. उस समय स्टेशन पर मौजूद एक यात्री की नजर कांच के डिस्प्ले बॉक्स में मौजूद चूहे पर पड़ी थी. यात्री ने तत्काल अपने मोबाइल फोन से इसका वीडियो बना लिया. वीडियो में चूहा डिस्प्ले काउंटर के भीतर रखे पफ को खाते हुए नजर आ रहा है. वीडियो के बैकग्राउंड में रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के आगमन की घोषणाएं भी सुनाई दे रही हैं.
इस घटना ने रेलवे के हालिया स्वच्छता अभियानों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. कुछ ही दिन पहले पश्चिम रेलवे की ओर से सूरत और उधना रेलवे स्टेशनों पर संचालित फूड स्टॉल्स में विशेष ‘डीप क्लीनिंग’ और सैनिटाइजेशन अभियान चलाए जाने की बात कही गई थी. रेलवे प्रशासन और कमर्शियल विभाग की ओर से स्टॉल्स की साफ-सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिए जाने के दावे किए गए थे. लेकिन अभियान के कुछ ही दिनों बाद खाद्य पदार्थों के बीच चूहे का यह वीडियो सामने आने से इन दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े हो गए हैं.
सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया. रेलवे के कमर्शियल विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित मैसर्स दिनेश एसोसिएट्स टी स्टॉल को साफ़ सफ़ाई करवा कर तत्काल प्रभाव से सील करवा दिया गया है. साथ ही रेलवे प्रशासन की ओर से मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है. यात्रियों के स्वास्थ्य के साथ इस तरह की लापरवाही को केवल जुर्माने तक सीमित नहीं रखा जाएगा,बल्कि संबंधित स्टॉल का कॉन्ट्रैक्ट स्थायी रूप से समाप्त यानी टर्मिनेट करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है.