Advertisement

Ghaziabad Crime News: जिम ट्रेनर के साथ मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, घर में घुसकर किया ताबड़तोड़ चाकू से वार

गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में वसुंधरा सेक्टर-1 स्थित जागृति आरडब्ल्यूए सोसायटी में अवैध संबंधों के चलते एक पत्नी ने अपने जिम ट्रेनर प्रेमी के साथ मिलकर पति शशांक कंथरिया पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों, प्रताप सिंह और प्रिया शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है.

Ghaziabad Crime News
मयंक गौड़
  • गाजियाबाद,
  • 27 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:21 PM IST

गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-1 की जागृति आरडब्ल्यूए सोसायटी में पति पर चाकू से हमले का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, महिला और जिम ट्रेनर के बीच प्रेम संबंध थे, जिसकी जानकारी पति को हो गई थी. पति दिवाली के बाद फ्लैट बदलकर दूसरी जगह जाने की तैयारी कर रहा था. इसी बीच उसे रास्ते से हटाने की कथित साजिश रची गई. पुलिस ने इस मामले में जिम ट्रेनर प्रताप सिंह और उसकी महिला मित्र प्रिया शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है.

सुबह घर में घुसकर पति पर चाकू से किया हमला
घटना 26 अक्टूबर की सुबह करीब 5:15 बजे की है. वसुंधरा सेक्टर-1 स्थित मकान में रहने वाले शशांक कंथरिया पर उस समय हमला हुआ, जब उनकी पत्नी प्रिया शर्मा जिम जाने के लिए घर से निकल रही थी. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान जिम ट्रेनर प्रताप सिंह घर में घुसा और शशांक पर चाकू से कई वार कर दिए. हमले में गंभीर रूप से घायल शशांक शोर मचाने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शशांक को तत्काल यशोदा मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया.

जिम में बढ़ीं नजदीकियां, प्रेम संबंधों में बदली दोस्ती
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि प्रताप सिंह फिटनेस हेडक्वार्टर जिम में ट्रेनर है. प्रिया शर्मा पिछले सात-आठ महीने से इसी जिम में व्यायाम करने जाती थी. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनकी दोस्ती प्रेम संबंधों में बदल गई. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में प्रताप ने बताया कि वह और प्रिया शादी करना चाहते थे. शशांक को दोनों के संबंधों के बारे में पता चल गया था. इसके बाद वह दिवाली के बाद अपना फ्लैट बदलकर दूसरी जगह जाने की तैयारी कर रहे थे.

25 अक्टूबर को बनी पति को रास्ते से हटाने की योजना
पुलिस का दावा है कि 25 अक्टूबर की सुबह रनिंग के दौरान प्रताप और प्रिया की मुलाकात हुई थी. इसी दौरान दोनों ने शशांक को रास्ते से हटाने की बात की. पुलिस के अनुसार, अगले दिन प्रताप चाकू लेकर प्रिया के घर पहुंचा. प्रिया ने घर का गेट पहले से खोल रखा था, जिसके बाद प्रताप अंदर घुसा और शशांक पर हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

हत्या के प्रयास और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज
इंदिरापुरम पुलिस ने शशांक के भाई की शिकायत पर प्रताप सिंह और प्रिया शर्मा के खिलाफ हत्या के प्रयास और आपराधिक षड्यंत्र समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनकी निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले में दोनों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement