गाजियाबाद के निवाड़ी थाना क्षेत्र के पतला चौकी इलाके में मंगलवार देर रात एक बड़ी घटना सामने आई, जहां पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहा युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया. 35 वर्षीय अमित की हालत गंभीर बताई जा रही है और वह कोमा में है. यह मामला अब पुलिस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है.
कैसे शुरू हुआ पूरा विवादजानकारी के अनुसार, अमित अपने दोस्तों के साथ खाना-पीना कर रहा था तभी किसी बात को लेकर उसकी पुलिस से कहासुनी हो गई. मामला बढ़ने पर पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंची और फिर मेडिकल जांच के लिए मुरादनगर सीएचसी ले गई. घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि अस्पताल पहुंचते ही अमित पुलिस गाड़ी से अचानक कूदकर भाग निकला.
भागते समय हुआ बड़ा हादसा
जैसे ही अमित अस्पताल के बाहर से भागा, पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़े. लेकिन मेरठ रोड क्रॉस करते वक्त वह एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया. हादसा इतना गंभीर था कि पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को नाजुक बताते हुए उसे कोमा में बताया.
परिजनों का गुस्सा, पुलिस पर गंभीर आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही अमित के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. परिवार ने आरोप लगाया कि अमित की यह हालत पुलिस की पिटाई की वजह से हुई है और उन्हें समय पर कोई जानकारी नहीं दी गई. आक्रोशित लोगों ने निवाड़ी थाने का घेराव किया और हंगामा किया. अमित के पिता की तहरीर पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
चार पुलिसकर्मी निलंबित
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने पतला चौकी पर तैनात दरोगा लोकेंद्र चौधरी, हेड कांस्टेबल शहीद खान, कांस्टेबल सचिन मोहन और कांस्टेबल नरेंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी.
पुलिस की सफाई और जांच की दिशा
पुलिस की ओर से बताया गया कि 7 अप्रैल 2026 की रात गश्त के दौरान अमित नशे की हालत में घायल अवस्था में मिला था. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी वह गाड़ी से कूदकर भागा और हादसा हो गया. सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और जांच जारी है.
सीसीटीवी फुटेज से बढ़े सवाल
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुका है, जिसमें अमित पुलिस गाड़ी से भागता और पुलिसकर्मी उसे पकड़ने की कोशिश करते दिख रहे हैं. इसके बावजूद पुलिस की कार्यशैली को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा तेज है और यह मामला अब बड़ा विवाद बनता दिख रहा है.
(रिपोर्ट- मयंक गौड़)
ये भी पढ़ें