गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र की निवाड़ी चौकी अंतर्गत संजयपुरी इलाके में सामने आई सनसनीखेज घटना ने दांपत्य संबंधों की भयावह तस्वीर पेश कर दी है. मामूली घरेलू विवाद के बाद एक विवाहिता ने अपने पति की जीभ दांतों से काटकर अलग कर दी. गंभीर रूप से घायल युवक को पहले मोदीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे मेरठ के सुभारती अस्पताल रेफर किया गया है. फिलहाल युवक बोलने की स्थिति में नहीं है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
खाना बनाने को लेकर हुआ था विवाद
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार संजयपुरी निवासी विपिन (26 वर्ष) की शादी मार्च 2025 में मेरठ के मलियाना निवासी ईशा से हुई थी. घर में विपिन, उसकी पत्नी ईशा और मां गीता साथ रहते हैं. विपिन मोदीनगर स्थित एक निजी फैक्ट्री में नौकरी करता है. विपिन की मां गीता ने बताया कि को सोमवार रात बहू ने खाना बनाया. वह खाना खाकर अपने कमरे में चली गईं, जबकि बेटा और बहू ऊपर के कमरे में थे. रात करीब 11 बजे के बाद खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. उन्होंने इसे पति-पत्नी का आपसी विवाद समझकर हस्तक्षेप नहीं किया.
आरोप है कि रात करीब एक बजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस दौरान ईशा ने अपने पति विपिन की जीभ अपने दांतों से काट ली, जिससे जीभ पूरी तरह अलग हो गई. जीभ कटते ही विपिन दर्द से चीखता हुआ खून से लथपथ हालत में मां के पास पहुंचा. शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. परिजन आनन-फानन में युवक को मोदीनगर के जीवन अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ के सुभारती अस्पताल रेफर कर दिया गया. परिजन कटी हुई जीभ को भी अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों के मुताबिक ऑपरेशन के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
मामला उजागर होती ही दोनों परिवारों में हुई मार-पीट
आज मंगलवार सुबह घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. इसी दौरान बहू के परिजन भी युवक के घर पहुंच गए. आरोप है कि इस दौरान लड़की पक्ष और लड़के पक्ष के बीच जमकर मारपीट हो गई. दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर हाथों और लातों से हमला किया. इस मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मामले को लेकर एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि पुलिस द्वारा तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच भोजन बनाने को लेकर विवाद सामने आया है. पीड़ित पति ने बताया है कि उसकी जीभ पत्नी ने दांतों से काटी है, इस बिंदु को जांच में शामिल किया गया है.
(रिपोर्ट- मयंक गौड़)
ये भी पढ़ें