उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक ऐसा अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जिसे सुन आप लोट-पोट हो जाएंगे. दरअसल, फिल्मी कहानियों जैसी इस घटना में एक युवती ने ऐसा नाटक रचा कि कुछ समय के लिए लोग हकीकत और अफवाह के बीच उलझ गए. चलिए आपको बताते हैं कि ये अजीबोगरीब मामला क्या है.
पूरा मामला फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव का है. गांव की एक युवती रोज की तरह रात में अपने कमरे में सोई थी, लेकिन सुबह जब वह दिखाई नहीं दी तो परिजन चिंतित हो गए. जब परिजन उसके कमरे में पहुंचे तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. युवती के बिस्तर पर कपड़ों में लिपटी करीब पांच फीट लंबी सांप की केंचुली रखी हुई थी. यह दृश्य देखते ही गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. कुछ लोगों ने इसे रहस्यमयी घटना बताया तो कुछ ने अफवाह फैला दी कि युवती नागिन बन गई है.
देखते ही देखते पूरे गांव में डर का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर फफूंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
पुलिस जांच में धीरे-धीरे पूरा राज खुलने लगा. जांच में पता चला कि युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था. परिजनों और गांव वालों की नजरों से बचने के लिए युवती ने जानबूझकर फिल्मी अंदाज में यह ड्रामा रचा. उसने पहले से सांप की केंचुली का इंतजाम किया, उसे कपड़ों में लपेटकर अपने बिस्तर पर रख दिया और फिर चुपचाप घर से फरार हो गई, ताकि मामला रहस्यमयी लगे और किसी को उस पर शक न हो.
ऐसे हुआ रहस्यमयी खुलासा
सुबह जब यह दृश्य सामने आया तो परिजन घबरा गए और गांव में अफवाहों का दौर शुरू हो गया. परिजनों ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी. पुलिस के पहुंचने के बाद शुरुआत में परिजनों ने ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया, लेकिन बाद में युवती के लापता होने की तहरीर थाने में दी गई. पुलिस ने युवती का मोबाइल सर्विलांस पर लगा दिया है और उसकी तलाश की जा रही है.
थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि यह पूरा मामला एक सोची-समझी फिल्मी साजिश का हिस्सा है. युवती को जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा. परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
रिपोर्टर: सूर्य कुमार शर्मा
ये भी पढ़ें: