Advertisement

यूपी सरकार ने होली तक बढ़ाया मुफ्त राशन योजना का दायरा, जानें क्या है खास?

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अयोध्या में 'दीपोत्सव' समारोह के दौरान होली तक (PM-GKAY) मुफ्त राशन योजना का विस्तार करने की घोषणा कि है. इसके तहत, न केवल चावल और गेहूं, बल्कि गरीबों को दाल नमक और खाद्य तेल भी उपलब्ध कराए जाएंगे.

यूपी सरकार ने होली तक बढ़ाया मुफ्त राशन योजना का दायरा
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 04 नवंबर 2021,
  • अपडेटेड 11:20 AM IST
  • गरीबों को चावल, गेहूं के साथ दाल, खाद्य तेल, नमक और चीनी भी दी जाएगी
  • यह घोषणा अयोध्या में 'दीपोत्सव' समारोह के दौरान की गई

उत्तर प्रदेश सरकार ने दिवाली के उपलक्ष में गरीबों को राहत देने का फैसला लिया है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PM-GKAY) को अगले साल होली तक बढ़ाने की घोषणा की है. यह घोषणा अयोध्या में 'दीपोत्सव' समारोह के दौरान की गई.

समारोह के दौरान जनता को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि, "आज एक पवित्र अवसर है और राम राज्य के सपने को पूरा करने के लिए, हम होली तक (PM-GKAY) मुफ्त राशन योजना का विस्तार कर रहे हैं. इसके तहत, हम न केवल चावल और गेहूं, बल्कि दाल नमक और खाद्य तेल भी उपलब्ध कराएंगे.

गरीबों को कैसे मिलेगा लाभ?
यह सुविधा पाने वाले अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति माह 35 किलो ग्राम चावल, गेहूं के साथ दाल, खाद्य तेल, नमक और चीनी भी दी जाएगी. जबकि बीपीएल कार्ड धारकों को प्रति यूनिट पांच किलो ग्राम चावल, गेहूं के साथ दाल, खाद्य तेल और नमक दिया जाएगा. यह घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरयू तट स्थित रामकथापार्क में पंचम दीपोत्सव का उद्घाटन करने के दौरान की. उन्होंने याद दिलाया कि कोरोना संकट को ध्यान में रख कर प्रधानमंत्री अन्न योजना के तहत गरीबों को मुफ्त राशन वितरण नवंबर तक प्रस्तावित था, किंतु उत्तर प्रदेश में यह योजना अगले वर्ष होली तक चलेगी.

क्या है पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना?
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना एक खाद्य सुरक्षा और कल्याण कार्यक्रम है, जिसकी परिकल्पना प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड -19 के आर्थिक प्रभाव को कम करने में सहायता प्रदान करने के लिए की थी. इस योजना के तहत, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आने वाले सभी लाभार्थियों को प्रति व्यक्ति 5 किलो अतिरिक्त खाद्यान्न दिया जाता है. 

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ दीपोत्सव 2021
उत्तर प्रदेश सरकार की पहल के तहत, 'दीपोत्सव 2021' के अवसर पर अयोध्या में 12 लाख मिट्टी के दीपक जलाए गए. यह कारनामा गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है. इनमें से अयोध्या में सरयू नदी के तट पर 9,41,551 मिट्टी के दीये जलाए गए, जबकि 50,000 दीये राम मंदिर स्थल पर और बाकी राज्य भर के अन्य मंदिरों में जलाए गए. इस उपलब्धि की सराहना करते हुए, केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि अयोध्या 2030 तक दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक पर्यटन स्थल होगा. उन्होंने यह भी कहा कि 12 लाख तेल के दीपक जलाने से दुनिया को भगवान राम की "विनम्रता" का संदेश मिला.
 

4ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement