एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली और 'गोल्डन गर्ल' के नाम से मशहूर गुजरात की एथलीट सरिता गायकवाड़ के साथ 69.10 लाख रुपए की कथित वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. आरोप है कि उन्हें रेत के कारोबार में निवेश करने पर हर महीने 4% मुनाफा देने का लालच दिया गया था. इस मामले में सरिता ने आहवा SOG पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
सरपंच और दोस्त के जरिए हुई आरोपी से पहचान
शिकायत के मुताबिक, साल 2024 में आहवा तालुका की गाढवी ग्राम पंचायत के सरपंच और उनके मित्र जितेंद्रभाई के जरिए सरिता गायकवाड़ की पहचान नितिन भारती नाम के व्यक्ति से हुई थी. नितिन तापी जिले के व्यारा तालुका के बोरखडी गांव का रहने वाला बताया गया है. आरोप है कि नितिन ने खुद को करोड़ों रुपए के रेत कारोबार से जुड़ा बताया और सरिता को इस कारोबार में निवेश करने की सलाह दी. उसने निवेश की गई रकम पर हर महीने 4% मुनाफा देने और एक साल के भीतर मूल रकम लौटाने का भरोसा दिलाया.
बैंक और PhonePe से ट्रांसफर किए 69.10 लाख रुपए
नितिन के वादों पर भरोसा करके सरिता गायकवाड़ ने अलग-अलग किस्तों में बैंक खाते और PhonePe के जरिए कुल 69.10 लाख रुपए ट्रांसफर किए. उन्हें उम्मीद थी कि निवेश से हर महीने मुनाफा मिलेगा और एक साल बाद उनकी मूल रकम भी वापस मिल जाएगी. हालांकि, आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी उन्हें न तो वादा किया गया मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस की गई.
पैसे मांगने पर बहाने बनाता रहा आरोपी
शिकायत के अनुसार, जब सरिता ने नितिन से अपने पैसे वापस मांगे तो वह बार-बार कोई न कोई बहाना बनाकर रकम लौटाने का आश्वासन देता रहा. काफी समय तक इंतजार करने के बाद भी पैसे नहीं मिलने पर सरिता ने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया.
सरिता की शिकायत मिलने के बाद आहवा SOG पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस बैंक खातों में हुए लेन-देन, निवेश से जुड़े दस्तावेजों और अन्य वित्तीय सबूतों की पड़ताल कर रही है. जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: