जामनगर में गणेश महोत्सव की भक्ति और आस्था से भरी शुरुआत के बाद अब प्रतिमाओं के विसर्जन का दौर चल रहा है. इसी बीच शहर से ऐसी खूबसूरत भाईचारे की तस्वीर सामने आई है, जिसे जिसने भी सुना वह उसकी तारीफ कर रहा है. दरअसल गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान अलग-अलग समुदायों के लोग साथ मिलकर अपनी सेवा भगवान को समर्पित करते नजर आ रहे हैं. पर्यावरण को ध्यान में रखने हुए महानगरपालिका की ओर से कृत्रिम विसर्जन कुंड बनाए गए हैं. उसी में प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए स्थानीय तैराकों की टीम लगातार अपनी सेवाएं दे रही है. इस टीम में हिंदू कार्यकर्ताओं के साथ मुस्लिम युवा भी अपना योगदान दे रहे हैं.
तीन साल से सेवा में जुटे मुस्लिम युवा
ये किस्सा नया नहीं है. बल्कि पिछले तीन साल से लगातार गणेश विसर्जन के दौरान मुस्लिम युवा बतौर तैराक विसर्जन के महोत्सव में अहम भूमिका निभाते आ रहे हैं. 10 दिन चलने वाले गणेश उत्सव में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणेश प्रतिमाएं लेकर कृत्रिम कुंड तक आते हैं. ऐसे में तैराक पानी में मौजूद रहकर पूरी सतर्कता के साथ श्रद्धालुओं की मदद करते हैं, ताकि विसर्जन के दौरान किसी को परेशानी न हो, प्रक्रिया सुरक्षित तरीके से पूरी हो सके और कोई बड़ी दुर्घटना न हो इस बात का ख्याल रखते हैं.
8 से 10 फीट गहरा है कृत्रिम कुंड
इस कृत्रिम विसर्जन कुंड में पानी की गहराई करीब 8 से 10 फीट है. इतनी गहराई में प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए तैराक लगातार पानी में मौजूद रहते हैं. जरूरत पड़ने पर वे श्रद्धालुओं तक पहुंचकर उनकी मदद करते हैं और सुरक्षित विसर्जन कराने में अपनी भूमिका निभाते हैं.
तैराकों के मुताबिक, पिछले तीन वर्षों से वे गणेश विसर्जन के दौरान सेवा कर रहे हैं. उनका उद्देश्य यही है कि गणेश प्रतिमा लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को विसर्जन के समय किसी तरह की परेशानी न हो और वे सुरक्षित तरीके से अपनी आस्था से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कर सकें. हालांकि गणेश विसर्जन जैसे धार्मिक अवसर पर मुस्लिम युवाओं का इस तरह सेवा में शामिल होना जामनगर में आपसी सम्मान और सहयोग की तस्वीर सामने ला रहा है. पानी में उतरकर श्रद्धालुओं की मदद करने वाले इन युवाओं की भागीदारी भाईचारे और मानवता का संदेश भी दे रही है. अलग-अलग समुदायों के लोग मिलकर जिस तरह सेवा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, वह शहर के सामाजिक सौहार्द की एक अलग तस्वीर पेश कर रहा है.
ये भी पढ़ें