Advertisement

Gujarat News: पहले दिखाई दुल्हन... फिर शादी की पक्की... 1.50 लाख रुपए और मंगलसूत्र लेकर दूल्हे को पीटकर भगा दिया, अब पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गैंग का किया पर्दाफाश

बनासकांठा में शादी के नाम पर युवक को फंसाकर नकदी और गहने ऐंठने वाली कथित लुटेरी दुल्हन गैंग का हडाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है. युवक शादी करने गया था, लेकिन शादी के बजाय उसे 1.50 लाख रुपए नकद और चांदी का मंगलसूत्र गंवाकर वापस लौटना पड़ा. यहां आप पूरा मामला जान सकते हैं. 

Looteri Dulhan Gang Busted. (Photo: Screengrab)
gnttv.com
  • बनासकांठा,
  • 04 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:40 PM IST

गुजरात के बनासकांठा जिले में शादी के नाम पर युवकों को कथित तौर पर ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह का मामला सामने आया है. हडाद पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक युवक को शादी कराने का लालच देकर एक युवती दिखाई गई थी. युवक ने युवती को देखने के बाद शादी के लिए हामी भर दी. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच शादी को लेकर बातचीत आगे बढ़ी. शिकायत के अनुसार, युवक को उस समय यह अंदाजा नहीं था कि शादी की बातचीत के पीछे कथित तौर पर ठगी की एक बड़ी साजिश चल रही है. शादी तय करने के बहाने युवक से 1.50 लाख रुपए नकद और चांदी का मंगलसूत्र लिया गया. युवक के लिए यह रकम और मंगलसूत्र शादी की तैयारी का हिस्सा थे. उसे उम्मीद थी कि अब शादी की रस्में पूरी होंगी और उसकी जिंदगी में नया अध्याय शुरू होगा. लेकिन कुछ ही समय बाद पूरा मामला उलट गया.

मारपीट की और धमकाया 
शिकायत के मुताबिक, शादी की बातचीत के बाद युवक के साथ मारपीट की गई. इतना ही नहीं, उसे धमकाया भी गया. इसके बाद युवक को वहां से भगा दिया गया. जिस शादी के लिए युवक पहुंचा था, वहां से उसे दुल्हन के साथ वापस लौटने के बजाय अपने पैसे और चांदी का मंगलसूत्र गंवाकर लौटना पड़ा. कथित तौर पर ठगी और मारपीट का शिकार होने के बाद युवक ने हडाद पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. शादी के नाम पर विश्वास में लेकर युवक से पैसे और गहने लेने की इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू कर दी.

और ऐसे आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद ली.  जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस को इस मामले के पीछे सक्रिय कथित गिरोह तक पहुंचने में सफलता मिली. पुलिस के मुताबिक, शादी के नाम पर युवकों को फंसाकर उनके साथ ठगी करने वाले गिरोह का पता लगाया गया. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कथित दुल्हन समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. हडाद पुलिस की कार्रवाई में युवक से ऐंठे गए 1.50 लाख रुपए नकद और चांदी का मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया गया है. हडाद थाने के पुलिस अधिकारी जेजे सरवैयाने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच करेगी कि इस गिरोह ने आगे कितने लोगों के साथ धोखा किया है. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और गिरोह से जुड़े अन्य संभावित कारनामों की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस की जांच अभी जारी है और गिरोह के अन्य संभावित मामलों की जानकारी पूछताछ के बाद ही सामने आएगी.

(शक्तिसिंह राजपूत की रिपोर्ट)
 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement