Advertisement

स्मार्ट वॉच से महिला ने ढूंढा अपना मोबाइल, झपटमार को पीटकर वापस लाई फोन..जानिए पूरा मामला

गुरुग्राम से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे जानकर आप बोल उठेंगे 'वाह'..जी हां, एक महिला ने बहादुरी का परिचय देते हुए अपने स्मार्ट वॉच से फोन झपटने वाले आरोपी को दबोच लिया और अपना फोन खुद ही ढूंढ लिया. जानिए क्या है पूरा मामला.

प्रतीकात्मक फोटो
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 05 अक्टूबर 2022,
  • अपडेटेड 2:07 PM IST

गुरुग्राम में एक महिला ने अपने स्मार्ट वॉच से न सिर्फ अपना छीना गया मोबाइल लोकेट किया बल्कि झपटमार को पीट कर अपना फोन वापस ले आई. ये मामला 28 अगस्त की शाम गुरुग्राम के सेक्टर 23 का है. पुलिस ने इस मामले में 3 अक्टूबर को केस दर्ज कर लिया और अब आरोपी की तलाश में है.

महिला ने खुद ही आरोपी को ढूंढा

जानकारी के मुताबिक एक प्राइवेट फर्म में काम करने वाली 28 साल की महिला 28 अगस्त की शाम घर का सामान के लिए ग्रॉसरी की दुकान पर गई थी. जब पैसे देने के लिए महिला UPI पिन को मोबाइल से स्कैन कर रही थी, तभी एक शख्स उसका मोबाइल छीन कर फरार हो गया. महिला ने शोर मचाया लेकिन वो शख्स वहां से भाग गया. इसके बाद महिला ने खुद ही आरोपी को खोजना शुरू किया.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, महिला के स्मार्टवॉच से मोबाइल अटैच था, इस वजह से वो मोबाइल का लोकेशन पता कर पा रही थी. मोबाइल की लोकेशन भी आसपास की नजर आ रही थी. इसलिए महिला ने उसका पीछा करना शुरू किया. कई बार झपटमार महिला के हाथ से निकल गया, लेकिन रात करीब नौ बजे सेक्टर 23 के ही एक गली में झपटमार एक बाइक पर बैठा नजर आया. वो मोबाइल में कुछ करने की कोशिश कर रहा था. सामने झपटमार और अपना फोन देखकर महिला ने बड़े दिमाग से काम लिया.

महिला छिपकर आरोपी के पीछे से गई और झपटमार के सिर पर मारा. इस वजह से फोन आरोपी के हाथ से गिर गया. अचानक से हुए हमले से और महिला को सामने देखकर आरोपी घबरा गया और फोन वहीं छोड़कर भाग निकला. जिसके बाद वो महिला घर आ गई और अगले दिन पुलिस में लिखित शिकायत दी. जानकारी के मुताबिक आरोपी मोबाइल से UPI के जरिए 50 हजार की रकम एक दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर की कोशिश कर रहा था. महिला इस बात से परेशान थी की फोन के साथ उसके सारे कॉन्टैक्ट भी चले जायेंगे और जब लोकेशन पास की दिखाई दी तो उसने खुद ही पीछा किया.

(रिपोर्ट- हिमांशु मिश्रा/नीरज वशिष्ठ)

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement