Advertisement

तेज रफ्तार कार का दिखा कहर, बेकाबू वाहन ने मारी पंप कर्मचारियों में जोरदार टक्कर, उड़कर दूर जा गिरे लोग

गाजियाबाद में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार का ऐसा कहर देखने को मिला, जिसमें पेट्रोल पंप कर्मचारी और वहां खड़े लोग घायल हो गए. साथ ही कार ने पेट्रोल पंप पर लगी मशीन में जोरदार टक्कर मार उसे भी क्षतिग्रस्त कर दिया.

टक्कर मारती तेज रफ्तार कार
मयंक गौड़
  • गाजियाबाद,
  • 31 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 9:35 PM IST

गाजियाबाद में रविवार रात एक तेज रफ्तार कार ने पेट्रोल पंप पर जमकर हड़कंप मचा दिया. सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने पहले पेट्रोल पंप की मशीन में टक्कर मारी और फिर वहां मौजूद कर्मचारियों व अन्य लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. वीडियो में कार की तेज रफ्तार और लोगों को टक्कर मारने का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है.

पेट्रोल पंप पर अचानक घुसी तेज रफ्तार कार

यह घटना गाजियाबाद के कोतवाली नगर इलाके में जीटी रोड पर स्थित चौधरी पेट्रोल पंप की बताई जा रही है. पेट्रोल पंप सिल्वर सिटी के पास है. रविवार रात करीब 10:25 बजे एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार तेज रफ्तार से पेट्रोल पंप पर पहुंची. कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका.

पहले मशीन में मारी टक्कर, फिर लोगों को कुचला

बताया गया है कि कार ने सबसे पहले पेट्रोल पंप की मशीन में जोरदार टक्कर मारी. टक्कर के कारण मशीन क्षतिग्रस्त हो गई. इसके बाद कार वहां काम कर रहे कर्मचारियों और आसपास खड़े लोगों से जा टकराई. हादसे में कर्मचारी मनोज कुमार के अलावा संजेश कुमार और विकास कुमार भी घायल हो गए.

घटना के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी. हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद घटना की तस्वीर और साफ हो गई है. वीडियो में सफेद स्विफ्ट कार लोगों की ओर जाती और उन्हें टक्कर मारती नजर आ रही है.

हादसे के बाद मौके से भागा चालक

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. इसके बाद कार के नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू की गई.

पुलिस के अनुसार कार का नंबर UP14GC9195 है. जांच के बाद पुलिस ने कार चालक की पहचान दीपू पुत्र प्रेमचंद के रूप में की. वह सूर्या एन्क्लेव, कोतवाली नगर का रहने वाला बताया गया है. पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है.

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पेट्रोल पंप मैनेजर अनुराग चौधरी की शिकायत पर कोतवाली नगर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. पुलिस ने बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और 324(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सबूतों की मदद से पूरे मामले की जांच कर रही है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement