असम में नई सरकार के गठन की तस्वीर अब लगभग साफ हो चुकी है. 12 मई को हिमंता बिस्वा सरमा एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. यह मुख्यमंत्री के तौर पर उनका लगातार दूसरा कार्यकाल होगा, जबकि राज्य में एनडीए सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर रही है. शपथ ग्रहण से पहले हिमंता बिस्वा सरमा ने उन नेताओं के नाम भी सामने रख दिए हैं, जो उनके साथ मंत्री पद की शपथ लेंगे.
हिमंता के साथ ये चार नेता लेंगे मंत्री पद की शपथ
मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' के जरिए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में 12 मई को उनके साथ चार सहयोगी मंत्री पद की शपथ लेंगे. इन नेताओं में रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और महिला नेता अजंता नियोग शामिल हैं. साथ ही असम विधानसभा के स्पीकर पद के लिए भी पार्टी उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया गया है.
कौन हैं रामेश्वर तेली?
रामेश्वर तेली डुलियाजन विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक चुने गए हैं. चुनाव में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार ध्रुब गोगोई को 10 हजार से ज्यादा वोटों से हराया. इससे पहले वह डिब्रूगढ़ से सांसद भी रह चुके हैं और मोदी 2.0 सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.
अतुल बोरा को फिर मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
असम गण परिषद (AGP) के अध्यक्ष अतुल बोरा बोकाखाट विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं. हालिया चुनाव में उन्होंने रायजोर दल के हरि प्रसाद सैकिया को 60,537 वोटों के अंतर से हराया. पिछली सरकार में वे बॉर्डर प्रोटेक्शन एंड डेवलपमेंट मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.
चरण बोरो और अजंता नियोग भी कैबिनेट में शामिल
चरण बोरो बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) के विधायक हैं और उन्होंने मजबाट सीट से जीत दर्ज की है. चुनाव में उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की प्रीति रेखा बरला को 55 हजार से ज्यादा वोटों से हराया.
वहीं अजंता नियोग गोलाघाट सीट से पांच बार विधायक रह चुकी हैं और उन्हें असम की पहली महिला वित्त मंत्री होने का गौरव भी हासिल है. 2026 विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार बितुपन सैकिया को 9 हजार से अधिक वोटों से मात दी.
विधानसभा स्पीकर के लिए इस नाम पर दांव
रणजीत कुमार दास को असम विधानसभा के स्पीकर पद के लिए एनडीए उम्मीदवार बनाया गया है. भवानीपुर-सोरभोग सीट से बीजेपी विधायक रणजीत दास पिछली सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री रह चुके हैं.
तीसरी बार सत्ता में लौटा एनडीए
126 सदस्यीय असम विधानसभा में एनडीए ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है. बीजेपी ने 82 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि सहयोगी दल असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) को 10-10 सीटें मिली हैं. इसी जीत के बाद हिमंता बिस्वा सरमा को बीजेपी विधायक दल और एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
नई सरकार बनने के बाद सबसे बड़ी जिम्मेदारी चुनावी वादों को जमीन पर उतारने की होगी. हिमंता बिस्वा सरमा पहले ही कह चुके हैं कि नई सरकार का फोकस घोषणापत्र में किए गए वादों को लागू करने पर रहेगा. ऐसे में अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि एनडीए 3.0 असम के लिए कौन-कौन से बड़े फैसले लेता है.
ये भी पढ़ें