Advertisement

Rose Plant Care Tips: गुलाब के पौधे में नहीं आ रहे फूल? अपनाएं यह एक कमाल का तरीका, लाल-लाल कली और फूलों से लद जाएगा पौधा

गुलाब का पौधा अकसर लोग शौक से लगाते हैं, लेकिन जब उसमें फूल नहीं आता तो मन बहुत निराश हो जाता है. गुलाब न केवल देखने में सुंदर होते हैं, बल्कि इनकी खुशबू पूरे गार्डेन को महका कर रखती है और किसी को भी मंत्रमुग्ध कर देती है. अगर आपके गुलाब में भी फूल नहीं आ रहे तो चलिए हम आपको एक ऐसा उपाय बताते हैं, जिससे कुछ ही दिनों में फूल आने लगेंगे और फिर से पूरा गार्डेन गुलाब की खुशबू से महक उठेगा.

Rose Plant Care Tips
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 12 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 9:03 AM IST

गुलाब का पौधा न केवल गार्डेन की खूबसूरती बढ़ाने के काम आता है, बल्कि धार्मिक अनुष्ठान से लेकर घर की सजावट तक उपयोग में लिया जाता है. अगर आपने भी अपने फुलवारी में गुलाब लगा रखा है, पर फूल न आने से परेशान हैं. या फूल आ भी रहे हैं तो झड़ जा रहे हैं?  पौधा हरा-भरा है, पत्तियां भी खूब हैं, लेकिन फूल नहीं खिल रहे हैं तो इसकी वजह जरूरी नहीं कि खाद की कमी हो, बल्कि पौधों को बेसिक केयर नहीं दे पाना भी हो सकता है. कई बार केवल पौधों की छंटाई करके पौधे को बचाया जा सकता है. जिसको न करने से भी फूलों की संख्या कम हो जाती है. वैज्ञानिक तरीके से की गई छंटाई गुलाब में नई शाखाओं की ग्रोथ को बढ़ाने और फूल आने वाली शाखाओं को विकसित करने में मदद करती है.

क्यों जरूरी है गुलाब की छंटाई?
गुलाब की कई किस्मों में फूल मुख्य रूप से नई बढ़त के बाद आते हैं. जब पौधे पर पुरानी, कमजोर या अनावश्यक शाखाएं बहुत ज्यादा हो जाती हैं तो पौधे की ऊर्जा नई और मजबूत शाखाओं के विकास में कम लग पाती है. प्रूनिंग में ऐसी शाखाओं को हटाया जाता है, जिससे पौधे के अंदर हवा और रोशनी का आवागमन बेहतर होता है. इससे नई शाखाओं के निकलने के लिए भी जगह मिलती है और सही देखभाल के साथ फूलों की संख्या बढ़ सकती है.

सबसे पहले इन शाखाओं को हटाएं
छंटाई शुरू करते समय सबसे पहले सूखी, कमजोर शाखाओं को काटें. जमीन की तरफ से निकलने वाली बहुत पतली या आपस में रगड़ खा रही शाखाओं को भी हटा दें. जो शाखाएं पौधे के बीच की तरफ बढ़ रही हैं, उन्हें भी जरूरत के हिसाब काट दें. इससे पौधे का बीच वाला हिस्सा ज्यादा खुला रहता है और रोशनी आसानी से अंदर तक पहुंचती है.

कटिंग का तरीका भी रखता है मायने
गुलाब की शाखा काटते समय बहुत नीचे से मनमाने तरीके से कट न लगाएं. स्वस्थ कलिका के ठीक ऊपर लगभग 5-10 मिलीमीटर की दूरी पर छोटा तिरछा कट लगाएं. ध्यान रखें कि इस्तेमाल की जाने वाली कैंची या प्रूनर साफ और तेज हो. कुंद या गंदे औजार से शाखा कुचल सकती है और पौधों में संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है.

एक साथ बहुत ज्यादा शाखाएं न काटें
प्रूनिंग का मतलब पौधे की सारी शाखाओं को काट देना नहीं है. बहुत ज्यादा छंटाई करने से पौधे पर अनावश्यक तनाव पड़ता है, खासकर तब जब पौधा पहले से कमजोर हो. इसलिए स्वस्थ और मजबूत ढांचे वाली शाखाओं को बचाते हुए केवल जरूरत के मुताबिक छंटाई करें. बड़े और पुराने गुलाब के पौधों में छंटाई की मात्रा उसकी किस्म, उम्र और मौजूदा स्थिति के हिसाब से तय करेंगे तो फूल अच्छे से आएंगे. गुलाब में एक बार फूल खिलने के बाद सूखे फूलों को पौधे पर लंबे समय तक न छोड़े. मुरझाए फूलों को हटाने से पौधे की ऊर्जा बीज बनाने की दिशा में जाने के बजाय नई बढ़त और दोबारा फूल आने में इस्तेमाल होती है. 
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement