Advertisement

पति ने किडनी खराब होने की बात छिपाकर की शादी, कई महीनों तक नहीं बनाया संबंध, जब पत्नी ने कहा तो- मांगने लगा किडनी

महिला ने जब इस बारे में सवाल किया तो उसे कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला. बाद में उसने अपनी ननद से शिकायत करने की बात कही, जिसके बाद एक बार पति ने संबंध बनाए, लेकिन फिर दूरी बना ली.

husband hid kidney disease
gnttv.com
  • कानपुर ,
  • 07 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:41 AM IST
  • महीनों तक पत्नी से दूर रहा पति
  • सच्चाई खुली तो पत्नी से मांगी किडनी

कानपुर में किडनी ट्रांसप्लांट से जुड़े मामलों के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का कहना है कि उसके पति ने अपनी दोनों किडनी खराब होने की बात छुपाकर उससे शादी की और बाद में उससे किडनी या 30 लाख रुपए की मांग की.

2023 में हुई थी शादी
चकेरी क्षेत्र की रहने वाली महिला की शादी 22 जून 2023 को लखनऊ निवासी निशांत कुमार से हुई थी. शादी के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो कई महीनों तक पति ने उससे शारीरिक संबंध नहीं बनाए. महिला के अनुसार, पति अक्सर उसके और अपने बीच तकिया रखकर सोता था, वहीं कभी-कभी सास भी दोनों के बीच सो जाती थी.

संबंध बनाने की बात पर करता रहा आनाकानी
महिला ने जब इस बारे में सवाल किया तो उसे कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला. बाद में उसने अपनी ननद से शिकायत करने की बात कही, जिसके बाद एक बार पति ने संबंध बनाए, लेकिन फिर दूरी बना ली. इसी दौरान महिला को घर में पति की मेडिकल फाइल मिली, जिसमें पता चला कि उसकी दोनों किडनी खराब हैं और वह चुपचाप डायलिसिस करवा रहा था.

महिला ने किडनी देने से किया मना
महिला का आरोप है कि इस सच्चाई का विरोध करने पर पति ने उससे अपनी एक किडनी देने या 30 लाख रुपए लाने की मांग की. उसने यह भी कहा कि पैसे देने के बाद वह दूसरी शादी कर सकती है. महिला ने इनकार किया तो ससुराल वालों ने उसे मायके भेज दिया और वही शर्त दोहराई.

पीड़िता का आरोप...शादी में खर्च किए 15 लाख
पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी में उसके परिवार ने पहले ही करीब 15 लाख रुपए खर्च किए थे. इसके बावजूद उससे दहेज की मांग की गई. महिला ने यह भी दावा किया कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और उसकी एक बेटी भी है, जिसे परिवार ने छुपाया.

महिला ने दर्ज कराया धोखाधड़ी का मामला
मामले में कई बार पुलिस ने समझौते की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी. इसके बाद महिला ने चकेरी थाने में पति, सास-ससुर और ननद के खिलाफ धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया. पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. वहीं, पति के परिवार ने इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया.

रंजय सिंह की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement