Advertisement

निसंतान दंपति को गिफ्ट करने के लिए मां के साथ सो रही बच्ची को ले उड़े बाइक सवार, CCTV में वारदात दर्ज

हैदराबाद से एक ऐसी कहानी सामने आ रही है, जो दिल दुखाने वाली है. जहां कुछ बाइक सवार ने 6 महीने की बच्ची का किडनैपिंग केवल इसलिए कर लिया, क्योंकि उन्हें उसे एक रिश्तेदार को गिफ्ट करना था. किडनैपिंग का पूरा मामला अब CCTV फुटेज में कैद हो गया है.

CCTV footage
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 07 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:52 AM IST

हैदराबाद के सुराराम इलाके में एक 6 महीने की बच्ची के कथित अपहरण का मामला सामने आया है. बच्ची अपनी मां और बहनों के साथ फुटपाथ पर सो रही थी, तभी देर रात उसे उठा लिया गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. 

पुलिस के मुताबिक बच्ची की मां नवनीता मजदूरी का काम करती है. वह अपनी चार बेटियों के साथ नारायणा मल्ला रेड्डी अस्पताल के सामने एक टाइल्स दुकान के बाहर फुटपाथ पर सो रही थी. बताया गया कि रात करीब 2:30 बजे दो लोग बाइक पर वहां पहुंचे और सो रही बच्ची को उठाकर फरार हो गए. 

बड़ी बहन के शोर मचाने पर खुला मामला
परिवार को घटना की जानकारी तब हुई जब बच्ची की 10 साल की बड़ी बहन की आंख खुली. उसने देखा कि कुछ लोग छोटी बहन को लेकर जा रहे हैं, जिसके बाद उसने जोर-जोर से शोर मचाया. लेकिन तब तक आरोपी बच्ची को लेकर वहां से भाग चुके थे. घटना के बाद मां नवनीता ने सुराराम थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. बच्ची की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए. 

48 घंटे में पुलिस ने बच्ची को किया बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के अंदर बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया. इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपियों में श्रीदेवी, कार्तिक और जॉनसन के नाम सामने आए हैं. 

निसंतान रिश्तेदार को गिफ्ट करना चाहते थे आरोपी
जांच में सामने आया कि बच्ची के अपहरण की साजिश पहले से रची गई थी. पुलिस के अनुसार आरोपी घटना से एक दिन पहले इलाके की रेकी करने पहुंचे थे. बताया गया कि आरोपी महिला अपनी एक रिश्तेदार को बच्चा देना चाहती थी, जिसके कोई संतान नहीं है. इसके बाद सभी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. 

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूतों की मदद से आरोपियों को राजेंद्रनगर इलाके के पास से पकड़ा. पुलिस ने आरोपियों के पास से बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement