Advertisement

IIT Delhi Rishikesh Kumar Death Case: 'आपसे एक बच्चा नहीं संभाला जाता?' ऋषिकेश की मौत पर भाई का छलका दर्द, IIT प्रशासन पर लगाए दिल दहलाने वाले आरोप

IIT दिल्ली में छात्र ऋषिकेश कुमार की मौत के बाद उनके भाई अभिषेक ने प्रशासन पर हॉस्टल न देने, अकेले प्रोजेक्ट देने और मानसिक स्थिति की जानकारी होने के बावजूद असंवेदनशील व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं.

IIT Delhi Rishikesh Kumar Death Case
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 25 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 1:40 PM IST

आईआईटी दिल्ली में 31 वर्षीय एमएससी फिजिक्स छात्र ऋषिकेश कुमार की मौत के बाद कैंपस में छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है. इस बीच आजतक से बातचीत में ऋषिकेश के भाई अभिषेक कुमार ने आईआईटी प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. अभिषेक ने दावा किया कि ऋषिकेश को हॉस्टल और फैमिली क्वार्टर देने से इनकार किया गया. वहीं, मेडिकल कारणों से पढ़ाई में ब्रेक के बाद उन्हें प्रोजेक्ट में भी अकेले काम करने को कहा गया.

31 वर्षीय छात्र के बाद शुरू हुआ प्रदर्शन
विरोध प्रदर्शन 31 वर्षीय एमएससी फिजिक्स छात्र ऋषिकेश की मौत के दो दिन बाद हुआ. ऋषिकेश की कथित तौर पर आत्महत्या से मौत हुई थी. बताया गया कि उन्होंने कैंपस की एक इमारत की छठी मंजिल से छलांग लगा दी थी. छात्रों के मुताबिक, 2023 से अब तक संस्थान में यह आत्महत्या का आठवां मामला है. छात्रों ने एक डीन और एसोसिएट डीन के इस्तीफे की मांग की. इसके साथ ही उन्होंने मामले की स्वतंत्र जांच और ऋषिकेश के परिवार को मुआवजा देने की भी मांग उठाई है.

हॉस्टल के लिए कई बार किया था अनुरोध
अभिषेक ने कहा कि परिवार ने ऋषिकेश के लिए हॉस्टल की व्यवस्था कराने को लेकर प्रशासन से कई बार अनुरोध किया था. उनके मुताबिक, हॉस्टल इंचार्ज और संबंधित डीन से भी परिवार ने बात की, लेकिन कथित तौर पर उन्हें मदद नहीं मिली. हॉस्टल नहीं मिलने के बाद ऋषिकेश ने आईआईटी परिसर में उपलब्ध फैमिली क्वार्टर देने की भी मांग की थी. अभिषेक का आरोप है कि यह मांग भी स्वीकार नहीं की गई.

मेडिकल ब्रेक के बाद अकेले प्रोजेक्ट देने का आरोप
ऋषिकेश के भाई ने बताया कि मेडिकल कारणों से वह सेकंड सेमेस्टर पूरा नहीं कर पाए थे और उन्होंने ड्रॉप लिया था. अभिषेक के मुताबिक, थर्ड सेमेस्टर में वापस लौटने के बाद ऋषिकेश को रिसर्च प्रोजेक्ट दिया गया, लेकिन उन्हें अकेले काम करने के लिए कहा गया. अभिषेक ने बताया कि ऋषिकेश ने प्रशासन से अनुरोध किया था कि उन्हें किसी ऐसे छात्र के साथ जोड़ा जाए, जो अकेले प्रोजेक्ट कर रहा हो, ताकि वह उसके साथ मिलकर काम कर सकें. लेकिन कथित तौर पर उनकी यह मांग भी नहीं मानी गई.

'काफी परेशान रहने लगे थे ऋषिकेश'
अभिषेक के मुताबिक, इसके बाद ऋषिकेश काफी परेशान रहने लगे थे. उन्होंने दावा किया कि ऋषिकेश अपनी मां से कहते थे कि उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा और कोई उनकी मदद नहीं कर रहा.  अभिषेक ने आरोप लगाया कि एक मौके पर ऋषिकेश की मां के साथ प्रशासन की ओर से कथित तौर पर असंवेदनशील व्यवहार किया गया. उनके मुताबिक, डीन के साथ मौजूद एक महिला ने उनकी मां से कहा, 'आपसे एक बच्चा नहीं संभाला जाता है?'

अभिषेक का दावा है कि इस बातचीत का ऋषिकेश पर गहरा असर पड़ा. उन्होंने बताया कि ऋषिकेश ने अपनी मां से कहा था कि उनकी वजह से उनका भी अपमान हो रहा है और वह यहां नहीं पढ़ेंगे. अभिषेक के मुताबिक, उस दौरान ऋषिकेश काफी तनाव में थे. उन्होंने अपनी मां से कहा था कि उनकी जिंदगी व्यर्थ हो गई है और वह कुछ नहीं कर पा रहे हैं.

'सुसाइडल होने की जानकारी देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई'
अभिषेक ने दावा किया कि परिवार की ओर से प्रशासन को ऋषिकेश की मानसिक स्थिति और उनके आत्महत्या की कोशिश करने की आशंका के बारे में बताया गया था. उनका आरोप है कि इसके बावजूद प्रशासन की ओर से उन्हें विशेष सहायता या देखभाल उपलब्ध नहीं कराई गई. 

उन्होंने कहा, 'मानसिक बीमारी किसी के साथ भी हो सकती है, लेकिन कॉलेज का व्यवहार इतना असंवेदनशील था कि हम चर्चा भी नहीं कर सकते.'

मौत के बाद भी प्रशासन से बातचीत नहीं
अभिषेक ने बताया कि ऋषिकेश की मौत के बाद अब तक आईआईटी प्रशासन के साथ परिवार की कोई बातचीत नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक एफआईआर की कॉपी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी नहीं मिली है.

आईआईटी दिल्ली ने मामले की जांच के लिए एक बाहरी जांच समिति बनाने की घोषणा की है. समिति में उत्तराखंड के पूर्व डीजीपी अशोक कुमार और एम्स दिल्ली के मनोचिकित्सक समेत अन्य सदस्य शामिल हैं. संस्थान की ओर से परिवार को वित्तीय सहायता देने और छात्र शिकायत निवारण व्यवस्था को मजबूत करने की भी बात कही गई है.

हालांकि, अभिषेक ने कहा कि फिलहाल उन्हें जांच और प्रशासन के आश्वासनों पर भरोसा नहीं है. उन्होंने कहा कि परिवार को केवल न्याय चाहिए और उन्हें उम्मीद है कि जांच के जरिए ऋषिकेश की मौत की सच्चाई सामने आएगी.

'आठ-नौ बच्चों की मौत के बाद भी भरोसा नहीं'
आईआईटी दिल्ली में छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर अभिषेक ने कहा कि उन्हें खुशी है कि छात्र ऋषिकेश के लिए आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उन्हें डर है कि कुछ दिनों बाद मामला फिर शांत हो जाएगा. उन्होंने कहा कि संस्थान में पहले भी कई छात्रों की आत्महत्या की घटनाएं हो चुकी हैं. ऐसे में ऋषिकेश की मौत के बाद भी अगर स्थायी समाधान नहीं निकला तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement