बरसेगा बादलों का कहर! IMD ने दी चेतावनी, कई राज्यों में तेज बारिश, बर्फबारी और तूफानी हवाओं का खतरा

8 फरवरी को हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है. उत्तराखंड में 18 और 19 फरवरी को वर्षा और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना जताई गई है.

current weather intensity
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 16 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:15 PM IST

भारत के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. India Meteorological Department (आईएमडी) के अनुसार 16 फरवरी 2026 को पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है. यह सिस्टम आने वाले दिनों में दक्षिण और तटीय भारत के मौसम को प्रभावित कर सकता है.
IMD ने बताया कि यह कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 18 फरवरी तक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर और मजबूत हो सकता है. इसके प्रभाव से सप्ताह के आखिर में दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. विभाग के अनुसार, यह प्रणाली ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण से जुड़ी हुई है.

वहीं दूसरी ओर, उत्तर-पश्चिम अफगानिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय एक पश्चिमी विक्षोभ भी मौसम को प्रभावित करेगा. इसके असर से 18 फरवरी को हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है. उत्तराखंड में 18 और 19 फरवरी को वर्षा और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना जताई गई है.

16 से 18 फरवरी के बीच बारिश का अनुमान
IMD के मुताबिक 16 से 18 फरवरी के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में 17 और 18 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. मध्य प्रदेश में 18 फरवरी को कहीं-कहीं आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.

आगे की बात करें तो 21 और 22 फरवरी को दक्षिण तमिलनाडु और केरल (माहे सहित) में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. जैसे-जैसे कम दबाव का क्षेत्र मजबूत होकर पश्चिम की ओर बढ़ेगा, इन इलाकों में वर्षा की तीव्रता बढ़ सकती है.

बारिश के बाद बढ़ेगा तापमान
वहीं तापमान की बात करें तो देशभर में फिलहाल बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिसके बाद फिर इतनी ही गिरावट आ सकती है. मध्य भारत में भी न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने के आसार हैं. पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में शुरुआती दिनों में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन सप्ताह के अंत तक हल्की बढ़ोतरी हो सकती है.

मैदानी उत्तर-पश्चिम भारत में दिन का तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री ज्यादा रहने की संभावना है, हालांकि 17 और 18 फरवरी को थोड़ी राहत मिल सकती है. गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है. IMD ने कहा है कि वह इन बदलते मौसम तंत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है और समय-समय पर अपडेट जारी करता रहेगा.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED