देश के कई हिस्सों में मानसून थमने का नाम नहीं ले रहा है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के चलते कई राज्यों में मानसूव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने 11 सितंबर को कई राज्यों में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की संभावना जताई है.
दिल्ली-एनसीआर में 11 सितंबर को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. कई इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है.
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 11 सितंबर को बारिश होने की संभावना है. पूर्वी यूपी में गरज के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है. कुछ जगहों पर आंधी और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा. पश्चिमी यूपी में मौसम कुछ जगहों पर सामान्य रह सकता है, लेकिन बारिश बढ़ सकती है.
बिहार में कई इलाकों में हल्की से मीडियम बारिश हो सकती है. वहीं झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद और देवघर समेत कई जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट है.
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का सबसे ज्यादा असर पूर्वी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में दिख सकता है. ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी कई जगह तेज बारिश हो सकती है.
IMD के अनुसार 11 सितंबर को मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना है.