देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता दिखाई दे रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 13 जुलाई को कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी कर दिया है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 85 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा चलने के अनुमान हैं. खासकर उत्तर भारत, पूर्वी भारत और पहाड़ी राज्यों में लोगों को अतिरिक्त दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने इन राज्य के लोगों को विशेष अलर्ट रहने को कहा है.
दिल्ली-एनसीआर
दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और एसीआर से सटे इलाकों में पूरे दिन बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना बनती दिखाई दे रही है. खास करके दोपहर या शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर लोगों को तेज हवा के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. हालांकि इससे तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन उमस से परेशानी बनी रह सकती है.
उत्तर प्रदेश
प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, बस्ती, अयोध्या, झांसी, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा और आसपास के कई जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ और गाजियाबाद में अच्छी-खासी बारिश होने की संभावना है.
बिहार और झारखंड
बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, किशनगंज, सुपौल, मधुबनी, कटिहार, भागलपुर और आसपास के जिलों में भारी बारिश की संभावना है. कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन सकती है.
वहीं झारखंड के रांची, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर, देवघर, दुमका और हजारीबाग में भी गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने के आसार हैं. लोगों को वज्रपात से सावधानी बरतने की चेतावनी दी गई है.
पश्चिम बंगाल और ओडिशा
कोलकाता, हावड़ा, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, मालदा और मुर्शिदाबाद समेत पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. जिसके कारण आस-पास के राज्यों में भी बारिश की संभावना है. कुछ निचले हिस्से में जलभराव की स्थिति बन सकती है.
वहीं ओडिशा के भुवनेश्वर, कटक, पुरी, बालासोर, मयूरभंज, क्योंझर, कंधमाल और सुंदरगढ़ में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है. घर से निकलने से पहले मौसम का अलर्ट जरूर पढ़ लें.
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड के देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा बना हुआ है. हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी तेज बारिश जारी रहने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भी बारिश और गरज-चमक का दौर रहेगा.
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी बारिश के आसार
पंजाब के अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला, हरियाणा के अंबाला, पंचकूला, करनाल, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
वहीं पूर्वी राजस्थान के जयपुर, कोटा, भरतपुर, दौसा और अलवर में भी बारिश की संभावना बनी हुई है. इसके अलावा कुछ इलाकों में गर्मी सता सकती है.
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में 13 जुलाई को मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, सागर, रीवा, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, सीहोर, हरदा और बैतूल समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है. मौसम विभाग ने गरज-चमक और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में भी पूरे दिन मानसून का असर बना रहेगा. रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, कांकेर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और जगदलपुर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. बस्तर संभाग और दक्षिणी जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है.
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र में भी आज मानसून सक्रिय बना रहेगा. मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सतारा, कोल्हापुर, नासिक, नागपुर, अमरावती, चंद्रपुर और गढ़चिरौली समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. वहीं कोंकण क्षेत्र में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. तेज हवाओं और गरज-चमक को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें