Advertisement

Weather Update: Delhi-NCR में अभी गर्मी से राहत नहीं, UP-Bihar के लोगों का भी हाल बेहाल, जानें किन-किन राज्यों के लिए है लू का अलर्ट

IMD Weather Update: दिल्ली-एनसीआर के लोग गर्मी से परेशान हैं. शुक्रवार को दिल्ली के नजफगढ़ में सबसे अधिक  47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने शनिवार से लू चलने का अलर्ट जारी किया है. यूपी और बिहार में अगले पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है.

Weather Update (Photo:PTI)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 17 मई 2024,
  • अपडेटेड 8:48 PM IST
  • दिल्ली-एनसीआर में शनिवार से लू चलने अलर्ट
  • बिहार के 8 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देश के अधिकांश राज्यों में सूर्यदेव आग उगल रहे हैं. दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) के अधिकांश जगहों पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार कर गया है. दिल्ली के नजफगढ़ में तो शुक्रवार को तापमान 47.4° डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अभी गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है. अगले पांच दिनों तक दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी-बिहार (UP-Bihar) समेत अधिकांश उत्तर भारत के राज्यों में भीषण गर्मी पड़ने वाली है. कई जगहों के लिए मौसम विभाग ने हिटवेव का अलर्ट जारी किया है.

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर के लोग गर्मी से परेशान हैं. शुक्रवार को दिल्ली के नजफगढ़ में सबसे अधिक  47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मुंगेशपुर में 46.5 डिग्री सेल्सियस, आया नगर में 46.2डिग्री सेल्सियस, जाफर पुर में 45.9 डिग्री, पालम में 45.1 डिग्री, रिज में 45 डिग्री, नोएडा में 45.2 डिग्री, गुड़गांव में 44.6 डिग्री, सफदरजंग में 43.6 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 43.8 डिग्री सेल्सियस और गाजियाबाद में 43.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में शनिवार से लू चलने का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर में इस समय साफ आसमान के साथ-साथ शुष्क पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं. जिसकी वजह से सूरज की रोशनी सीधी पड़ रही है और तापमान में इजाफा हो रहा है.रविवार को भी दिन के समय तेज हवाएं चलेंगी. जबकि अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रह सकता है.

यूपी के लोग भीषण गर्मी से परेशान 
यूपी में भीषण गर्मी  ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है. चिलचिलाती धूप की वजह से लोग घर से बाहर जाने से कतराने लगे हैं. मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में अगले पांच दिनों तक गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है. उत्तर प्रदेश के मौसम को लेकर विभाग ने लू की चेतावनी जारी की है. 21 मई तक उत्तर प्रदेश के अधिकांश जगहों पर लू चलने की संभावना जताई है.

दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. नोएडा, गाजियाबाद, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, कानपुर देहात, कानपुर नगर, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, लखनऊ और प्रयागराज आसपास हिटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया  है. मौसम विभाग के मुताबिक मानसून 31 मई को केरल में दस्तक देगा. उत्तर प्रदेश में 20 जून के आसपास मानसून पहुंच जाएगा. 

बिहार के इन जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार के 8 जिलों में अगले 48 घंटे हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में पटना, भोजपुर, बक्सर, गया, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई और बांका शामिल है. विभाग के मुताबिक 19 मई तक फिलहाल गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है. 20 मई से कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है. बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून इसबार समय पर आ सकता है.आईएमडी पटना की ओर से इसकी जानकारी दी गई है.जिसके मुताबिक बिहार में 10 से 12 जून के बीच मानसून की एंट्री हो सकती है. 

देश के अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम 
हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में भी गर्मी से अभी राहत नहीं मिलने वाली है. इन राज्यों के कई स्थानों पर लू चल रही है. मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को जम्मू शहर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे अधिक तापमान है. राजस्थान में एक बार फिर गर्मी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है जहां गुरुवार को गंगानगर में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आगामी दिनों में राज्य में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा आगामी 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने से लू के एक सप्ताह तक जारी रहने की आशंका है.  

उत्तर पश्चिम भारत के लिए मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने जा रही है. यानी कि गर्मी अभी और बढ़ेगी. इसके अलावा अगले तीन से चार दिनों के बीच मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है.

इन राज्यों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, कराईकल, माहे, लक्षद्वीप, दक्षिणी कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश अगले सात दिनों तक होने की संभावना है. इसके अलावा, कोंकाण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा में 17-19 मई के दौरान आंधी तूफान, बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की गई है. मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में 17 और 18 मई को आंधी तूफान और बारिश होगी.

हीटवेव क्या है
जब गर्मी के सीजन में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक हो जाता है तो उसे हीटवेव कहते हैं. आमतौर पर मार्च से जून के बीच हीटवेव की स्थिति बनती है. बहुत कम होता है जब जुलाई तक हीटवेव की स्थिति बनी रहे. आईएमडी के मुताबिक मैदानी इलाकों में किसी भी स्टेशन पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री या उससे ज्यादा होता है तब हीटवेव की स्थिति बनती है. किसी भी इलाके में तापमान जब वहां के सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री ज्यादा होता है तो हीटवेव घोषित की जाती है. 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement