मई की तपती गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. देश के कई हिस्सों में तेज बारिश, धूल भरी आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने 11 मई के लिए यूपी, बिहार समेत 15 राज्यों में खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है. कई जगहों पर हवा की रफ्तार 75 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में घर से निकलने से पहले मौसम का हाल जान लेना जरूरी है.
क्यों बदल रहा है मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी बिहार से झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए तटीय आंध्र प्रदेश तक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हो रहा है. वहीं, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से लेकर पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों तक एक गर्त बना हुआ है. इसी वजह से कई राज्यों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली में बारिश और तेज हवा का असर
राजधानी दिल्ली में 11 मई को मौसम अचानक बदल सकता है. यहां बारिश के साथ तेज आंधी चलने की चेतावनी जारी हुई है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
यूपी में 13 मई तक बारिश-तूफान का असर
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रह सकता है. मथुरा, आगरा, गाजियाबाद, नोएडा, कानपुर, प्रयागराज, और गोरखपुर में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है. लखनऊ में 11 मई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार के कई जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. गया, पटना, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, अररिया, किशनगंज और कटिहार में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. पटना का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
झारखंड और पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
झारखंड के रांची, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, हजारीबाग, पलामू, जमशेदपुर और बोकारो में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं उत्तराखंड के नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, पिथौरागढ़ और चंपावत में बारिश और तेज हवा का येलो अलर्ट जारी हुआ है.
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर और ऊना में भी बारिश के साथ तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. यहां हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है.
पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में भी असर
पंजाब के पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, लुधियाना और जालंधर समेत कई जिलों में 11 से 12 मई के बीच मध्यम से भारी बारिश की संभावना है. राजस्थान में जयपुर, अलवर, अजमेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जैसे जिलों में 12 मई को आंधी और बारिश का असर दिख सकता है.
वहीं जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, उधमपुर, कुलगाम, अनंतनाग, बारामूला और पुंछ में भी तेज बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें