एक तरफ जहां ईरान युद्ध के थमने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ इस युद्ध के दौरान तमाम भारतीय अलग-अलग जगह पर फंसे हुए हैं. उत्तर प्रदेश में चंदौली के दीनदयाल नगर के रहने वाले 5 लोग दुबई में एक होटल में फंसे हुए हैं. ये सभी लोग प्री वेडिंग शूट के लिए दुबई गए थे.उधर, इस वॉर सिचुएशन में इन लोगों के परिवार के लोग काफी चिंतित दिखाई दे रहे हैं. परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि वह उनके बच्चों के साथ-साथ अन्य फंसे हुए लोगों को भी सुरक्षित भारत ले आएं.
दुबई में फंस गया कपल-
उत्तर प्रदेश के चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के होटल व्यवसायी अजय जैन के बेटे प्रिंस की शादी अप्रैल में होनी है. 4 दिन पहले प्रिंस अपने छोटे भाई, अपनी मंगेतर और मंगेतर के भाई-भाभी के साथ प्री वेडिंग शूट के लिए दुबई गए थे. लेकिन इसी दौरान युद्ध छिड़ गया और यह सभी लोग दुबई में फंस गए.
बुर्ज खलीफा के पास होटल में फंसे-
ये सभी लोग दुबई में बुर्ज खलीफा के पास एक होटल में ठहरे हुए हैं. आज यानी 2 मार्च को उनके भारत वापसी का टिकट था. लेकिन युद्ध शुरू होने की वजह से ये लोग भारत वापस नहीं आ पा रहे हैं. ऐसे में एक तरफ जहां दुबई में फंसे यह लोग सकुशल घर वापसी को लेकर चिंतित हैं. वहीं यहां पर उनके परिवार के लोग भी अपने बच्चों की कुशलता और सकुशल घर वापसी को लेकर काफी परेशान दिखाई दे रहे हैं.
वीडियो कॉल पर हो रही बातचीत-
यह लोग आपस में वीडियो कॉल पर बातचीत कर हाल-चाल ले रहे हैं. लेकिन बातचीत के दौरान दुबई में फंसे इन युवकों की चिंता साफ-साफ सुनाई और दिखाई दे रही है. दुबई में प्री वेडिंग के लिए गए प्रिंस के पिता अजय जैन ने बताया कि उनके बच्चे प्री वेडिंग शूट के लिए दुबई गए थे और आज यानी 2 मार्च को उन्हें इंडिया वापस आना था. लेकिन इसी दौरान उनके बच्चे दुबई में फंस गए हैं. फिलहाल वह बुर्ज खलीफा के पास एक होटल में ठहरे हुए हैं. वीडियो कॉल से बातचीत हो जा रही है. लेकिन हम चाहते हैं कि भारत सरकार इस संबंध में तत्काल कार्रवाई करें और उनके बच्चों के साथ-साथ और भी जो लोग जगह-जगह फंसे हुए हैं, उनको सकुशल भारत वापस ले आएं.
ये भी पढ़ें: